बोकारो से सुनील तिवारी की रिपोर्ट
Nitin Nabin, बोकारो: कार्यकर्ताओं का उत्साह, जोश और समर्पण ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असली ताकत है. कार्यकर्ता ही वह मजबूत नींव हैं, जिस पर आज भारत विश्वगुरु बनने की ओर तेजी से अग्रसर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की एक नई गाथा लिखी है. चाहे उज्ज्वला योजना हो, आयुष्मान भारत हो या धारा 370 को हटाना… हमने जो ठाना, उसे धरातल पर उतारा.” ये बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को बोकारो में कहीं. वह सिटी सेंटर सेक्टर-4 में अपनी मौसी शोभा रानी लाल की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए बोकारो पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय बेहद चुनौतीपूर्ण है, इसलिए हर कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ को मजबूत करना होगा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना होगा. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन हमारे पास सेवा, सुशासन और राष्ट्रवाद की अटूट ताकत है.
2029 का चुनाव विकसित भारत के संकल्प का माध्यम
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी राजनीतिक लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि 2029 का चुनाव हमारे लिए सिर्फ सरकार बनाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह देश को ‘विकसित भारत’ बनाने के संकल्प को पूरा करने का चुनाव है. उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता इस संकल्प को पूरा करने में सबसे आगे रहेंगे.
Also Read: कागजों में अटका विकास! सरायकेला में 2.48 रुपये लाख की नाली योजना अधर में लटकी
धूप में उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
इससे पहले, रांची से सड़क मार्ग द्वारा बोकारो जिले में प्रवेश करते ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का पेटरवार, जैनामोड़ और बालीडीह सहित दर्जनों स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक स्वागत किया. चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिए सड़कों पर डटे रहे. नया मोड़ बोकारो पर धनबाद सांसद ढुलू महतो, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण और रोहित लाल सिंह सहित दर्जनों वरिष्ठ नेताओं और महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया.
नारों से गूंजा बिरसा चौक, प्रदेश स्तरीय नेता भी रहे मौजूद
भाजपा बोकारो जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र राज के नेतृत्व में नया मोड़ बिरसा चौक पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की भव्य अगवानी की गई. कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंग वस्त्र ओढ़ाकर तथा ‘भारत माता की जय’ और ‘वन्देमातरम’ के गगनभेदी नारों के साथ सम्मानित किया. इस अवसर पर उनके साथ भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान शशि भूषण ओझा मुकुल, अम्बिका खवास, कृष्ण कुमार मुन्ना, आरती राणा, कुमार अमित, संजय त्यागी, मुकेश राय, कमलेश राय सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Also Read: Giridih: जेपीएल 2026 की ट्रॉफी के साथ शहर भ्रमण पर निकली रांची टाइटंस टीम
