सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक राशन दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी. सेक्टर-12 निवासी पवन कुमार सिंह की पवन स्टोर नामक राशन दुकान में रात करीब 1.45 बजे आग लगी. देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलने के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
दुकान संचालक पवन कुमार सिंह के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी. उन्होंने बताया कि आग की चपेट में आने से दुकान में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया. हालांकि, आग लगने की आधिकारिक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. आग की लपटों को देखकर इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. दमकल कर्मियों द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
समय रहते काबू पाया, आसपास के क्वार्टर बचे
दुकान में आग लगने की सूचना मोबाइल के माध्यम से संबंधित अग्निशमन कार्यालय को दी गयी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. समय रहते आग बुझा लिये जाने से आसपास स्थित क्वार्टर आग की चपेट में आने से बच गये.
