नकली शराब बनाने और उसके कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में फरवरी 2026 में भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बरामदगी के मामले में छह महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संतोष महतो को पुलिस ने बुधवार को हजारीबाग जिले के आंगो थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
होली के दौरान छापेमारी में मिली थी 2688 बोतल नकली शराब
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि वर्ष 2026 में होली के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के नरकंडी गांव में सोना महतो के मकान पर छापेमारी की गयी थी. पुलिस ने मकान से विभिन्न ब्रांड के नाम वाली करीब 2688 बोतल नकली विदेशी शराब बरामद की थी. कार्रवाई के दौरान मकान मालिक सोना महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.
जांच में संतोष महतो को बनाया गया मुख्य आरोपी
एसपी ने बताया कि मामले में चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 11/26, दिनांक 22 फरवरी 2026 के तहत बीएनएस और उत्पाद अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. अनुसंधान के दौरान संतोष महतो को मामले का मुख्य आरोपी चिह्नित किया गया. गिरफ्तारी के डर से वह लगातार फरार चल रहा था.
हजारीबाग स्थित घर से पुलिस ने दबोचा
पुलिस को संतोष महतो के हजारीबाग जिले के आंगो थाना क्षेत्र स्थित बेडम गांव में होने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. संतोष महतो बेडम गांव का रहने वाला है.
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, संतोष महतो के खिलाफ विष्णुगढ़ थाना में कांड संख्या 69/2021, आंगो थाना में कांड संख्या 07/2025 और चतरोचट्टी थाना में कांड संख्या 11/2026 सहित अन्य मामले दर्ज हैं.
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अनूप रंजन बाखला, आरक्षी हीरालाल महतो, इंदल चौरसिया, रामेश्वर यादव, सहदेव प्रसाद यादव और नागेंद्र महतो शामिल थे. पुलिस अब नकली शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
