कसमार में बढ़ीं चोरी की वारदातें, दो दिनों में पांच जगहों को बनाया निशाना

कसमार थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक, दो दिनों में पांच दुकानों और घरों को बनाया निशाना। लाखों की नकदी और जेवरात चोरी, ग्रामीणों में दहशत का माहौल।

कसमार. कसमार थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. महज दो दिनों के भीतर चोरों ने पांच अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर पुलिस के समक्ष चुनौती खड़ी कर दी है. शनिवार को मंजूरा पंचायत के झरमूंगा में दिनदहाड़े दो दुकानों से नकदी चोरी हुई, जबकि रविवार की रात पोंडा पंचायत के धधकिया गांव में तीन घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गये. लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. झरमूंगा में दिनदहाड़े दो दुकानों को बनाया निशाना शनिवार को पगारटांड़ मोड़ स्थित झरमूंगा में चोरों ने उपेंद्र नारायण महतो उर्फ बिपिन महतो की राशन दुकान का पीछे का दरवाजा तोड़कर करीब 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिये. इसी दौरान समीप स्थित रवि रंजन के होटल से भी करीब तीन हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गयी. दोनों दुकानदारों ने कसमार थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद समाजसेवी मिथिलेश महतो ने भी पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की. धधकिया में एक ही रात तीन घरों में चोरी झरमूंगा की घटना के अगले ही दिन रविवार की रात चोरों ने धधकिया गांव में तीन घरों को निशाना बनाया. सबसे बड़ी वारदात सुनीता देवी के घर हुई. वह बेटी की शादी के सिलसिले में अपने मायके गई थीं. इसी दौरान चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर अलमारी क्षतिग्रस्त कर दी और 1.60 लाख रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, नाक का नग, चांदी की पांच जोड़ी पायल, बिछिया, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी समेत अन्य जेवरात चोरी कर लिये. घटना के बाद टूटी हुई अलमारी और बक्सा घर से करीब 200 मीटर दूर फेंका हुआ मिला.

इसी रात चोरों ने चांदनी देवी के घर से करीब 2,500 रुपये नकद, चांदी के आभूषण, कांसे के तीन बर्तन तथा पूरे परिवार के आधार कार्ड सहित अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज भी चोरी कर लिये. वहीं शंकर रजवार के घर का ताला तोड़कर चोर सोने का लॉकेट, दो जोड़ी सोने की कानबाली, चांदी की पायल, बिछिया, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले 15 हजार रुपये, कीमती साड़ियां और कपड़े लेकर फरार हो गये. गश्ती बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग तीनों पीड़ित परिवारों ने कसमार थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी गए सामान और नकदी की बरामदगी तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. इधर, कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है और जल्द ही चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करने का प्रयास किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dharmanath kumar

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >