झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की संयुक्त सचिव समीरा एस ने बुधवार को पेटरवार प्रखंड की पतकी पंचायत स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय पतकी का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं और पीएम श्री योजना के तहत संचालित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी ली. उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था का जायजा लेते हुए प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
एक-एक व्यवस्था की ली जानकारी
संयुक्त सचिव ने विद्यालय में संचालित लैब, आईसीटी व्यवस्था, शौचालय, पाकशाला, किचेन गार्डन, कक्षाओं, हैंडवॉश और पेयजल सुविधा का निरीक्षण किया. इसके अलावा स्वच्छता अभियान और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसी गतिविधियों की भी जानकारी ली. उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और विद्यार्थियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं को देखा.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की. उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के उपयोग और पीएम श्री योजना के तहत संचालित गतिविधियों की स्थिति की जानकारी संबंधित शिक्षकों से ली.
शैक्षणिक व्यवस्था और गतिविधियों की समीक्षा
संयुक्त सचिव ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए शिक्षकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई और सीखने के स्तर से संबंधित जानकारी ली. उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए किया जाना चाहिए.
उन्होंने विद्यालय प्रधान को विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करने का निर्देश दिया. साथ ही गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई को प्राथमिकता देने और बच्चों की जरूरत के अनुसार शिक्षण गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
अनुशासन और स्वच्छता पर विशेष जोर
समीरा एस ने विद्यालय में अनुशासन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ विद्यालय परिसर को साफ और व्यवस्थित रखना जरूरी है. विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल करने की बात भी कही गयी.
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि उनमें सीखने के प्रति रुचि और आत्मविश्वास विकसित हो सके.
पीएम श्री योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर माहौल देना
निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में संचालित गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी पर समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए. निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रधान सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे.
