बोकारो. डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल, सेक्टर-9 रानी पोखर में शनिवार को हिंदी दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, समृद्धि और सुंदरता से परिचित कराना तथा भाषा के प्रति उनके लगाव को बढ़ाना था. समारोह में गीत, संगीत, नृत्य, भाषण, कविता पाठ, नाटक और पोस्टर प्रस्तुति विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहे.
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसे सम्मान देना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है. हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, भावनाओं और पहचान की अभिव्यक्ति भी है. उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अध्ययन और इसके समृद्ध साहित्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.
गीत और नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह में चौथी से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कक्षा सातवीं और चौथी की छात्राओं ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से हिंदी भाषा से जुड़े विभिन्न संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया. कक्षा छठी और सातवीं के विद्यार्थियों ने नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया.
भाषण में विद्यार्थियों ने रखे विचार
हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में सुफिया, साहिबा, रौनक, प्रतिभा, अंजली कुमारी और पूनम कुमारी ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार रखे. विद्यार्थियों ने हिंदी की उपयोगिता, इसकी सांस्कृतिक भूमिका और दैनिक जीवन में इसके महत्व को रेखांकित किया.
नाटक और कविता पाठ ने दिया संदेश
कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने नाटक प्रस्तुत कर हिंदी और भाषा के महत्व से जुड़ा सार्थक संदेश दिया. वहीं तृष्णा, नीलम और प्रीति ने कविता पाठ किया. वंदना, भूमिका, रक्षक और रामानुज ने सुविचार प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को शिक्षकों और सहपाठियों ने सराहा.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही. विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया.
ये भी पढ़ें: बोकारो-रामगढ़ मार्ग पर बड़ा हादसा, युवक की मौत के बाद परिजनों ने जताया हत्या का संदेह
