Bokaro News : सामुदायिक भवनों में चल रहे आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र

Bokaro News : फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 18 में जनता से जुड़े कई मुद्दे हैं.

फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-18 में ढोरी बस्ती रेहवाघाट, बड़कीटांड़, बालू बैंकर तथा सिंगारबेड़ा गांव का क्षेत्र आता है. यहां के लोगों का कहना है कि वार्ड के प्रत्येक गांव में एक ऐसे सरकारी भवन का निर्माण किया जाना चाहिए, जहां हर तरह के कार्यक्रमों में उपयोगी हो. बड़कीटांड़ व सिंगारबेड़ा में सामुदायिक भवन का भी निर्माण नहीं हो सका है. रेहवाघाट के सामुदायिक भवन में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन हो रहा है. बालू बैंकर के सामुदायिक भवन का उपयोग स्वास्थ्य केंद्र के रूप में किया जा रहा है. वार्ड के कई जरूरतमंद लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है. इस वार्ड में वोटरों की संख्या 1531 है.

वार्ड की समस्याएं

सिंगारबेड़ा, बड़कीटांड़ व रेहवाघाट में पेयजल की समस्या है. सिंगारबेड़ा की महिलाएं दामोदर नदी से पानी ढोकर लाती हैं. फुसरो नप द्वारा की जलापूर्ति योजना से नियमित पेयजल नहीं मिलता है. रेहवाघाट में सीसीएल ढोरी एरिया के सीएसआर मद से बोरिंग करा कर पानी टंकी का निर्माण कराया गया है. लेकिन एक वर्ष बाद भी इसे चालू नहीं किया जा सका है. बिजली कनेक्शन का स्विच नहीं लगाया गया है. वार्ड क्षेत्र में 10 से अधिक चापाकल हैं, लेकिन आधा खराब हैं. कुछ स्थानों पर लोग चंदा कर चापाकल की मरम्मत करा कर अपना काम चलाते हैं.

आठ वर्षों में क्या बदला

सिंगारबेड़ा गांव में मोहन सिंह के खेत के समीप डीप बोरिंग कर पानी टंकी लगायी गयी है. यहां से लोग पेयजल के लिए पानी ले जाते हैं. बड़कागाढ़ा में मिठू महतो के घर से महेश महतो के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है. बड़कीटांड़ में महेश महतो के घर से लेकर इमली पेड़ तक नाली का निर्माण कराया गया है. आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य केंद्र का संचालन बालू बैंकर के समीप बने सामुदायिक भवन में कराया जा रहा है. सार्वजनिक स्थलों में पेबर ब्लाॅक बिछाया गया है. बालू बैंकर शिव मंदिर के समीप पानी टंकी लगायी गयी है. 36 लाभुकों को पीएम आवास तथा 250 लाभुकों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है.

पूर्व वार्ड पार्षद का दावा

पूर्व वार्ड पार्षद रामेश्वर महतो का कहना है कि इस वार्ड में जितना काम होना चाहिए था, वह नहीं हो सका है. पीएम आवास के लिए कई जरूरतमंद लोग आस लगाये बैठे हैं. वार्ड में कहीं भी सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट नहीं लगी है. जनता की जरूरत से जुड़ी कोई बड़ी योजना धरातल पर नहीं उतारी जा सकी है.

सफाई का हाल

वार्ड क्षेत्र में सड़क की सफाई ग्रामीण अपने-अपने घरों के बाहर प्रतिदिन स्वयं करते हैं. समय-समय पर सफाई कर्मी भी पहुंचते हैं. त्योहारों के मौके पर नप द्वारा गांव की गलियों की सफाई की जाती है. यहां के लोग नियमित रूप से नालियों की सफाई चाहते हैं. रेहवाघाट के लोग कहते हैं कि सफाई कर्मी यहां नियमित नहीं आते हैं.

एक्सपर्ट राय

किशोर रविदास ने कहा कि यहां लोगों की सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है. इसे दूर करने के लिए नियमित पेयजलापूर्ति की व्यवस्था तथा खराब चापाकलों की मरम्मत जरूरी है. नालियों की सफाई नियमित नहीं होती है. रविदास बस्ती के उपर टोला में दो माह से सफाई नहीं हुई है. जरूरतमंद लोगों को चिह्नित कर पीएम आवास दिलाया जाना चाहिए. ग्रामीणों के लिए सुविधा युक्त भवन जरूरी है, जहां लोग शादी-विवाह सहित अन्य तरह के कार्यक्रमों का आयोजन कर सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >