साइबर फ्रॉड का नया पैंतरा: गोमिया में ऑनलाइन लोन मिलते ही खाते से उड़ गए 65 हजार रुपये, जानें कैसे हुआ खेल

ऑनलाइन लोन के आवेदन के बाद गोमिया के एक व्यक्ति के बैंक खाते से 65 हजार रुपये गायब हो गए. जानिए कैसे हुई यह साइबर ठगी और कैसे करें बचाव.

बोकारो. ऑनलाइन लोन के लिए आवेदन करना गोमिया के साड़म भाट टोला निवासी मारूफ राय को महंगा पड़ गया. लोन की राशि खाते में आने के कुछ ही समय बाद खाते से तीन बार में कुल 65 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी होने का मामला सामने आया है. पीड़ित ने गोमिया थाना में आवेदन देकर घटना की जांच, राशि को होल्ड या फ्रीज कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

मारूफ राय के अनुसार, उन्होंने 10 सितंबर 2026 को मोबाइल के माध्यम से 80 हजार रुपये के ऑनलाइन लोन के लिए आवेदन किया था. लोन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने पैन कार्ड और आधार कार्ड की जानकारी ऑनलाइन साझा की. इसके बाद उनके बैंक ऑफ इंडिया, साड़म शाखा के खाते में 75,992 रुपये की राशि जमा हुई.

लोन की राशि आने के बाद खाते से निकले 65 हजार

पीड़ित ने बताया कि लोन की राशि मिलने के बाद उन्होंने अपनी जरूरत के लिए सात बार में कुल 11,600 रुपये निकाले. इसके बाद खाते में 73,631 रुपये शेष थे. इसी रात करीब 8:30 बजे अचानक उनका मोबाइल हैंग हो गया और स्क्रीन सफेद हो गयी. करीब एक घंटे बाद मोबाइल सामान्य हुआ तो उन्होंने बैंक खाते की स्थिति की जांच की.

खाता देखने पर उन्हें पता चला कि तीन अलग-अलग लेन-देन के माध्यम से कुल 65 हजार रुपये निकाले गये हैं. शिकायत के अनुसार, दो बार 20-20 हजार रुपये और एक बार 25 हजार रुपये की निकासी हुई. मारूफ का कहना है कि उन्होंने इनमें से कोई लेन-देन नहीं किया और न ही किसी अन्य व्यक्ति को इसकी अनुमति दी थी.

लोन ऐप से मोबाइल एक्सेस लेने की आशंका

पीड़ित ने लोन आवेदन के दौरान दस्तावेज साझा करने और उसी दिन खाते से राशि निकलने के आधार पर लोन ऐप के जरिए साइबर ठगी की आशंका जतायी है. उनका कहना है कि संभव है कि मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंकिंग संबंधी जानकारी का दुरुपयोग किया गया हो. हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

मारूफ राय ने पुलिस से बैंक खाते के लेन-देन की जांच कराने, निकाली गयी 65 हजार रुपये की राशि को होल्ड या फ्रीज कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन के साथ बैंक स्टेटमेंट और ऑनलाइन लोन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गये हैं.

ये भी पढ़ें: बोकारो स्टील प्लांट में हाइड्रोलिक ऑयल लीकेज पर बड़ा एक्शन, लागत और पर्यावरण बचाने के लिए उठाया यह कदम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rakesh verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >