बोकारो: ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा की ओर से बुधवार को बोकारो स्टील प्लांट के एचआरसीएफ विभाग में मजदूर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में एरियर, ठेका मजदूर, एनपीएस, निजीकरण और नए लेबर कोड समेत श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
वक्ताओं ने मजदूरों से एकजुट होकर रोजी-रोटी और श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया. एटक के महामंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों की मूल भावना को लगातार कमजोर किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि निजी क्षेत्र से प्रतिस्पर्धा के नाम पर उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसका सीधा असर कर्मचारियों और मजदूरों पर पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी, बढ़ते कार्यभार और उत्पादन लक्ष्य हासिल करने की होड़ के कारण श्रमिक मानसिक और शारीरिक तनाव झेलने को विवश हैं.सीटू के महामंत्री आरके गोरांई ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से श्रमिक वर्ग के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि श्रम कानूनों में बदलाव और निजीकरण की प्रक्रिया से मेहनतकशों के रोजगार और आजीविका पर संकट गहरा रहा है.
एचएमएस के संयुक्त महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि नए लेबर कोड के लागू होने से स्थायी रोजगार के स्थान पर फिक्स्ड टर्म रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे श्रमिकों की नौकरी और सामाजिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. कार्यक्रम में राजीव रंजन, एसपी सिंह, डेविड, एम अंसारी, दशरथ सिंह, आर शर्मा, इश्तियाक अंसारी, देव कुमार, प्राण सिंह, एनएल रजक सहित अन्य श्रमिक नेताओं ने भी अपने विचार रखे और मजदूरों से एकजुट रहने की अपील की.
