Bokaro News : हड़ताल पर गये विद्युत कर्मियों ने समझौते के बाद आंदोलन किया समाप्त

Bokaro News : विभिन्न सबस्टेशनों के 186 विद्युत कर्मी थे हड़ताल पर

Bokaro News : कसमार प्रखंड के बगियारी सहित जिले के विभिन्न सबस्टेशनों में कार्यरत मानव दिवस विद्युत कर्मियों ने रविवार देर शाम अपनी हड़ताल समाप्त कर दी. यह निर्णय बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ के साथ हुई वार्ता के बाद लिया गया. शनिवार को कुल 186 विद्युत कर्मियों ने पिछले 10 माह के बकाये मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल शुरू की थी. कर्मियों ने कहा कि बार-बार आश्वासन के बावजूद एजेंसी की ओर से भुगतान में टालमटोल की जा रही थी, जिसके कारण उन्हें मजबूरन आंदोलन का सहारा लेना पड़ा. हड़ताल से बगियारी, खुदीबेड़ा, जैनामोड़, पेटरवार, गोमिया, खरपिटो, कर्माटांड़ और फुसरो सबस्टेशनों से जुड़े कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी थी. इससे हजारों उपभोक्ता बिजली संकट से परेशान रहे. रविवार को दिन भर विभिन्न स्तरों पर बातचीत हुई. विद्युत विभाग जैनामोड़ के एसडीओ अमित कुमार, गोमिया के एसडीओ राजेश कुमार और कनीय अभियंता गणेश कुमार ने वार्ता की कोशिश की, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. इसके बाद बेरमो के अनुमंडलाधिकारी मुकेश मछुआ ने पहल की और विद्युत विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कर्मियों के साथ वार्ता की. बैठक में यह सहमति बनी कि दुर्गा पूजा से पहले पांच माह का मानदेय भुगतान कर दिया जाएगा तथा दीपावली तक शेष पांच माह का भुगतान किया जायेगा. इस आश्वासन के बाद कर्मियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की. इससे पहले दोपहर में बगियारी सबस्टेशन के सामने हुई बैठक में कर्मियों ने साफ कहा था कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा. मौके पर विद्युत कर्मी घनश्याम महतो, नकुल कुमार, रघु महतो, रिखीलाल, रतन, दिलीप, कन्हैया गोसाईं, रोहित नायक, राजेश कुमार, बलराम महतो, अजय कुमार, संजय कपरदार, भोला रवानी, हीरालाल जायसवाल, आनंद प्रजापति समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >