बोकारो. सेक्टर-02 स्थित बीएसएनएल कार्यालय का बहुमंजिला भवन लंबे समय से रखरखाव के अभाव में जर्जर स्थिति में पहुंच गया है. भवन के कई हिस्सों में कंक्रीट उखड़ने, प्लास्टर झड़ने और सरिया बाहर निकल आने के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. यहां बीएसएनएल की विभिन्न सेवाओं के अलावा आधार सुधार केंद्र भी संचालित होता है, जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है.
ये भी पढ़ें: हाईवे निर्माण से उपजी समस्याओं पर 25 को सांसद करेंगे स्थल निरीक्षण
भवन के छज्जों और बालकनी के कई हिस्सों से कंक्रीट टूटकर गिर रहा है. कई स्थानों पर सरिया खुलकर दिखाई देने लगी है. दीवारों का प्लास्टर झड़ चुका है और ईंटें नजर आने लगी हैं. भवन की कई खिड़कियों के शीशे भी टूटे हुए हैं. ऐसे में भवन की मौजूदा स्थिति किसी दुर्घटना की आशंका को लेकर सवाल खड़े कर रही है.
रोजाना पहुंचते हैं दर्जनों उपभोक्ता
कार्यालय में बीएसएनएल सिम की बिक्री, उपभोक्ताओं की शिकायतों का निपटारा और अन्य दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध करायी जाती हैं. इसके अलावा आधार सुधार केंद्र संचालित होने के कारण भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं. ऐसे में जर्जर भवन के बीच लोगों की आवाजाही सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय बनी हुई है.
परिसर में भी सफाई और रखरखाव का अभाव
भवन के साथ-साथ कार्यालय परिसर की स्थिति भी बदहाल है. मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास के क्षेत्रों में झाड़ियां तथा जंगली पौधे उग आये हैं. नियमित सफाई और रखरखाव के अभाव में परिसर की स्थिति भी खराब होती जा रही है.
मरम्मत और सुरक्षा उपाय की मांग
कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बीएसएनएल प्रबंधन से भवन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जिन हिस्सों की स्थिति अधिक खराब है, वहां सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाये अथवा आवाजाही सीमित की जाये. साथ ही परिसर की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाये. लोगों का मानना है कि किसी संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाना जरूरी है.
ये भी पढ़ें: बोकारो में पुलिस-जनता का नया प्रयोग: जानिए किरायेदारों की जानकारी न देने पर क्यों बढ़ सकती है मुश्किल
