प्रतिनिधि, बोकारो
झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य के प्रत्येक होमगार्ड जवान को वर्ष भर समान अवसर के साथ 365 दिन ड्यूटी उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शी ड्यूटी आवंटन व तैनाती नीति बनाने की मांग उठायी है. शुक्रवार को इस संबंध में दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट परिसर स्थित संगठन के विधिक सलाहकार व अधिवक्ता अभय कांत मिश्रा के कार्यालय में हुई एसोसिएशन की बैठक में विस्तृत चर्चा की गयी. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी, प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी, बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार द्विवेदी समेत संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे.
एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि राज्य सरकार ने उचित समय पर नीति नहीं बनायी तो झारखंड उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की जायेगी. सभी जिलों से होमगार्ड जवानों की ड्यूटी, तैनाती और अन्य आवश्यक अभिलेख एकत्र करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि सरकार और न्यायालय के समक्ष तथ्यात्मक पक्ष रखा जा सके.
