Bokaro News : वाटर प्लांट से पांच लाख का क्वायल लूट ले गये अपराधी

Bokaro News : नावाडीह क्षेत्र के नवनिर्मित वाटर प्लांट से अपराधी पांच लाख रुपये का क्वायल लूट ले गये.

नावाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चपरी पंचायत के न्यू अमलो में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के नवनिर्मित वाटर प्लांट में शुक्रवार की रात करीब 11 बजे 10-12 अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने हमला बोला. हथियार के बल पर इंचार्ज ओमप्रकाश सिंह, कंपनी के जेइ मणि भूषण प्रसाद व गार्ड किशुन महतो को बंधक बना लिया और 500 केवीए के नये बिजली ट्रांसफार्मर का क्वायल लूट ले गये. इसकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये है. विरोध करने पर अपराधियों ने रड से इंचार्ज का सिर फोड़ दिया और जेइ का हाथ तोड़ दिया. गार्ड को डंडा से मार कर एक कमरे में बंद कर दिया. बाद में सूचना मिलने पर नावाडीह थाना के एसआइ राजीव रंजन, बंधन भगत व विक्रेश सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे. तीनों घायलों को नावाडीह सीएचसी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद इंचार्ज व जेइ को रांची रेफर कर दिया गया. गार्ड किसुन महतो ने बताया कि सभी अपराधी अपना चेहरा गमछा से छुपाये हुए थे. आपस में हिंदी और आदिवासी भाषा में बात कर रहे थे. सभी की उम्र 25 से 35 के करीब था.

संवेदक को लगायी गयी फटकार

शनिवार को एसपी हरविंदर सिंह, बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह, नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, विद्युत विभाग के जेइ कुनूराम टुडू, दैनिक कर्मी नरेश रविदास वाटर प्लांट परिसर पहुंचे और पड़ताल की. खोजी कुत्ता व फोरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच की. एसपी ने थाना प्रभारी को शीघ्र अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान वाटर प्लांट परिसर में लाखों रुपये के पाइप, ट्रांसफार्मर व सामान रहने के बावजूद सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाने व ट्रांसफार्मर में विद्युत कनेक्शन नहीं दिये जाने पर संवेदक को फटकार लगायी गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >