बोकारो इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन व विकास विभाग स्थित मुख्य प्रेक्षागृह में अगस्त-सितंबर 2026 में सेवा-निवृत्त हो रहे कर्मियों के लिए ‘एक नए सफर की शुरुआत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
अगस्त माह में सेवानिवृत्त हो रहे 25 व सितंबर माह में सेवानिवृत्त हो रहे 36 कर्मियों सहित कुल 61 कर्मचारियों व अधिकारियों के लिय आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन्हें सेवा-निवृत्ति के बाद स्वास्थ्य, वित्तीय नियोजन व अंतिम निपटारा प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक बनाना था.
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन-सेवाएं) के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने इस विशेष कार्यक्रम की उपयोगिता व विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी.
तकनीकी व मार्गदर्शन सत्रों के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के उप चिकित्सा अधिकारी द्वारा सेवानिवृत्ति के बाद बेहतर स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए.
नगर-सेवा विभाग के सहायक प्रबंधक ने नगर-सेवा व आवास संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की. वित्त व लेखा विभाग के प्रबंधक ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले विभिन्न फंड्स व वित्तीय लाभों से अवगत कराया.
वित्तीय जागरूकता एवं निवेश के विकल्पों पर प्रकाश डालते हुए बैंक ऑफ इंडिया (सेक्टर-4 शाखा) के प्रतिनिधि ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध योजनाओं व वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी. आदित्य बिड़ला लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की शाखा प्रबंधक प्रभारी द्वारा नेशनल पेंशन सिस्टम से निकासी की प्रक्रियाओं को स्पष्ट किया गया.
वहीं, मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने अंतिम निपटारा से जुड़ी आवश्यक कागजी औपचारिकताओं व गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी.
समारोह का समापन प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) के नेतृत्व में किया गया.
