Bokaro News : संवाददाता, बोकारो. मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला के सभी 249 पंचायतों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किया जायेगा. इन केंद्रों पर कलर प्रींटिंग मशीन उपलब्ध रहेगी. इससे मतदाता आवश्यक फोटो व दस्तावेज तत्काल प्रिंट कर प्रपत्रों को संलग्न कर सकेंगे. यह जानकारी डीसी सह डीइओ अजयनाथ झा ने दी.
डीइओ सह डीसी ने विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया व महत्व की जानकारी बुधवार की शाम मीडिया को दी. डीइओ ने स्पष्ट किया कि जिला में कोई भी मतदाता फर्जी नहीं है. वर्तमान में एसआइआर के तहत मतदाता की मैपिंग व सत्यापन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है. डीइओ ने बताया : एसआइआर अभियान किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन व त्रुटिरहित बनाने के लिए है.
संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप होगा मतदाता सत्यापन :
डीइओ सह डीसी ने बताया : संविधान के अनुच्छेद-326 के अनुसार प्रत्येक भारतीय नागरिक, जिसकी आयु अर्हता तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक हो, जो किसी विधिक प्रावधान के तहत अयोग्य घोषित न हो, मतदाता सूची में पंजीकरण का अधिकार रखता है. उन्होंने कहा : मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों का नाम दर्ज हो, यह सुनिश्चित करना संवैधानिक दायित्व है.डीइओ ने कहा : निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहे. अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल नहीं हो. इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक जांच व सत्यापन किया जायेगा.
सभी प्रपत्रों का होगा बहुस्तरीय सत्यापन :
डीइओ सह डीसी ने बताया : एसआईआर के अंतर्गत प्राप्त सभी प्रपत्रों को बूथ लेवल अधिकारी द्वारा डिजिटाइज्ड किया जायेगा. पर्यवेक्षक व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा शत-प्रतिशत सत्यापन होगा. साथ ही, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 50 चयनित प्रपत्र का सत्यापन करेंगे. मतदाता जागरूकता को लेकर सभी प्रखंड के लिए मतदाता जागरूकता रथ भी रवाना किया जायेगा.
72.44 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण :
डीइओ सह डीसी ने बताया : अब तक तक जिला के 15,34,886 मतदाताओं में से 11,11,915 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो गयी है. जबकि, 4,22,971 मतदाताओं की मैपिंग शेष है. अब तक 72.44 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है.गोमिया व चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र मैपिंग में आगे : विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया : गोमिया विधानसभा क्षेत्र में 87.01 प्रतिशत व चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में 86.86 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है. वहीं बेरमो विधानसभा क्षेत्र में 76.17 प्रतिशत व बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 55.65 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है.
2.07 लाख से अधिक मामलों में चिह्नित हुई विसंगतियां :
मैपिंग के दौरान जिला में 2,07,619 मतदाताओं के मामलों में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां चिह्नित हुई हैं. इन सभी मामलों का नियमानुसार सत्यापन व निराकरण किया जायेगा. मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.