बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया सशुल्क पे-एंड-यूज शौचालय करीब एक माह से अधिक समय से बंद पड़ा है. महिला और पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था वाले इस शौचालय का संचालन बंद रहने से ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को शौचालय की जरूरत पड़ने पर इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.
शौचालय के बाहर शुल्क की जानकारी, अंदर सुविधा बंद
स्टेशन परिसर में बने पे-एंड-यूज शौचालय के बाहर महिला और पुरुष शौचालय के संकेतक लगाए गए हैं. वहीं उपयोग शुल्क से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की गयी है. इसमें पेशाब के लिए नि:शुल्क, शौचालय के उपयोग के लिए दो रुपये और स्नान के लिए पांच रुपये शुल्क निर्धारित होने की जानकारी दी गयी है. हालांकि, सुविधा सशुल्क होने के बावजूद वर्तमान में शौचालय बंद रहने से यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.
टेंडर नहीं होने से बंद हुआ संचालन
जानकारी के अनुसार, शौचालय के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण इसे बंद रखा गया है. यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा हमेशा उपलब्ध रहनी चाहिए. स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है. ऐसे में शौचालय बंद रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है.
यात्रियों ने जल्द संचालन शुरू कराने की मांग की
स्टेशन पहुंचे यात्री आरती, राज, रोहन और सक्षम ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए शौचालय की सुविधा बेहद जरूरी है. इसके बंद रहने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. उन्होंने रेलवे प्रशासन से टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर पे-एंड-यूज शौचालय का संचालन शुरू कराने की मांग की है.
जल्द खुलेगा शौचालय : एआरएम
इस संबंध में एआरएम विनीत कुमार ने बताया कि शौचालय के संचालन के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शौचालय का संचालन शुरू कराया जाएगा. इसके चालू होने के बाद यात्रियों को सुविधा मिलने लगेगी.
