बोकारो में हर बूथ पर जुड़ेंगे 60 नए मतदाता, डीसी ने अधिकारियों को दिया लक्ष्य

बोकारो में नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए 'युवा बोकारो' अभियान शुरू. उपायुक्त ने हर बूथ पर 60 नए नाम जोड़ने और युवाओं को जागरूक करने का लक्ष्य दिया है.

बोकारो. एसआईआर-2026 अभियान, नए मतदाताओं के पंजीकरण, अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई और जनगणना कार्य की प्रगति को लेकर उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने बुधवार देर शाम वीडियो संवाद के माध्यम से समीक्षा की.

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए युवाओं को विशेष रूप से जागरूक करने को कहा. उन्होंने जिले के सभी मतदान केंद्रों पर कम से कम 60 नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया.

अभियान चलाकर युवाओं को किया जाएगा जागरूक

उपायुक्त ने सभी ईआरओ और एईआरओ को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया. साथ ही बीएलओ-2 के माध्यम से नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से #YuvaBokaro अभियान चलाकर युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे भारत के नागरिक हैं और चुनाव व्यवस्था से जुड़ें.

उन्होंने ईआरओ और एईआरओ को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि उनके क्षेत्र में कोई भी पात्र नया मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे.

स्कूलों की प्रार्थना सभा में चलेगा जागरूकता अभियान

उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को जिले के सभी विद्यालयों में आयोजित होने वाली प्रार्थना सभा के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संदेश देने का निर्देश दिया.

उन्होंने विद्यार्थियों को शपथ दिलाने को कहा. इसमें बच्चों को यह संकल्प दिलाया जाएगा कि वे अपने परिवार के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे सदस्यों, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, का फॉर्म-6 भरने में सहयोग करेंगे.

इसके अलावा फॉर्म-6 से संबंधित ऑडियो-वीडियो संदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा शहर के महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर बैनर और पोस्टर के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई में तेजी लाने का निर्देश

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई की प्रगति की भी समीक्षा की. उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में अब तक हुई सुनवाई की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. सुनवाई से संबंधित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

5 सितंबर तक पूरा करना होगा जनगणना कार्य

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के कार्य की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने डीसीएचबी-पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका में आंकड़े भरने का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

उन्होंने भरे गए आंकड़ों का चार्ज पदाधिकारी के माध्यम से वैलिडेशन कार्य 5 सितंबर तक पूरा करने को कहा. पेटरवार और चंदनकियारी प्रखंड को इस कार्य पर विशेष ध्यान देते हुए सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया.

9 सितंबर को प्रमंडलीय आयुक्त के भ्रमण की तैयारी

उपायुक्त ने आगामी 9 सितंबर को प्रमंडलीय आयुक्त के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यालय से संबंधित सभी अभिलेखों को अपडेट रखने को कहा.

शिक्षक दिवस पर झारखंड आंदोलनकारियों को मिलेंगे प्रमाण-पत्र

उपायुक्त ने 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की. उन्होंने कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.

उन्होंने अलग-अलग प्रखंडों के लिए काउंटर स्थापित करने और काउंटरों पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा, ताकि प्रमाण-पत्र वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का होगा सम्मान

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को सम्मानित किया जाए. उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों को भी इन कार्यक्रमों में शामिल होना सुनिश्चित करने को कहा.

उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना गौरव की बात है. शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शिक्षक सम्मान समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता शिक्षकों के प्रति प्रशासन की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है.

मौके पर उप-विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप-निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दूबे समेत अन्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By C p singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >