बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप दो निवासी सीआरपीएफ जवान सद्दाम हुसैन को देश का प्रतिष्ठित वीरता सम्मान शौर्य चक्र मिला. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आठ जून को राष्ट्रपति भवन नयी दिल्ली में उन्हें यह सम्मान दिया. शुक्रवार को बोकारो पहुंचने पर पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों ने सद्दाम का स्वागत किया.
आतंकवादियों के खिलाफ अभियान को बनाया सफल
सीआरपीएफ तीसरी बटालियन में तैनात सद्दाम हुसैन ने पांच नवंबर 2024 को जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के चुट्टावाड़ी-कैत्सुन जंगल क्षेत्र में चल रहे संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. सुरक्षा एजेंसियों को क्षेत्र में विदेशी आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद सीआरपीएफ, 26 असम राइफल्स व जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया था. इस दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हो गयी. लगातार हो रही गोलीबारी के बावजूद सद्दाम ने असाधारण धैर्य व साहस का परिचय देते हुए मोर्चा मजबूती से संभाले रखा. महज 25 मीटर की दूरी से अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल) का सटीक इस्तेमाल किया. उनकी कार्रवाई सीधे आतंकवादी पर लगी. इसमें आतंकवादी मारा गया. इस साहसिक कदम ने पूरे अभियान को सफलता की ओर मोड़ दिया.
