बोकारो में तेज रफ्तार वैन ने उजाड़ी शादी की खुशियां, घर के बाहर बैठे 3 लोगों को रौंदा

Bokaro Road Accident: बोकारो के विष्णुगढ़-गोमिया मार्ग पर एक बेकाबू पिकअप वैन सड़क किनारे घर में जा घुसी. इस हादसे में शादी समारोह में आईं दो महिलाओं और एक 5 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 4 घायल हैं. ग्रामीणों ने मुआवजे के लिए सड़क जाम किया.

बोकारो से राकेश वर्मा की रिपोर्ट

Bokaro Road Accident, बोकारो : बोकारो के विष्णुगढ़-गोमिया मुख्य मार्ग पर स्थित अलकिलवा टोला कैलूजारा में शुक्रवार की देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वैन (JH 02 BD 5775) अचानक सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी. इस हादसे की चपेट में आने से एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची और उसकी मां समेत कुल तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

शादी वाले घर में पसरा मातम, खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, अलकिलवा के टोला कैलूजारा निवासी गंगाराम बेसरा के बेटे की शादी का समारोह चल रहा था. इस मांगलिक उत्सव में शामिल होने के लिए पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र से कई महिलाएं और परिजन आए हुए थे. घर में खुशियों और उत्साह का माहौल था, लेकिन शुक्रवार की देर रात आई इस अचानक आपदा ने सब कुछ उजाड़ कर रख दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन गोमिया की तरफ से बेहद तेज रफ्तार में आ रही थी. चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे घर में जा घुसी. उस वक्त घर के बाहर कई लोग बैठे हुए थे, जो इस अनियंत्रित वाहन की सीधी चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 5 वर्षीय मासूम बच्ची और उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई.

इलाज के दौरान एक और महिला ने दम तोड़ा

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी पांच घायलों को आनन-फानन में विष्णुगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी. शनिवार को इलाज के क्रम में एक और घायल महिला ने दम तोड़ दिया, जिससे इस हादसे में मरने वालों की कुल संख्या तीन हो गई है. घायलों में पिकअप वैन का चालक भी शामिल है, जिसका इलाज पुलिस की निगरानी में जारी है.

Also Read: गढ़वा डीसी ने विस्थापितों के लंबित सर्वे को पूरा करने का दिया अल्टीमेटम, 10 जून तक डेडलाइन

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

इस वीभत्स हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर गोमिया-विष्णुगढ़ मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. घटना की सूचना मिलते ही विष्णुगढ़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष कुमार सिंह और अंचल अधिकारी (CO) नित्यानंद दास दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अंचल अधिकारी नित्यानंद दास ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधान के तहत मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा. अधिकारियों के समझाने-बुझाने और शांत कराने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए, वैन जब्त

विष्णुगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया है. इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर पुलिस थाने ले आई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Also Read: Godda: दुष्कर्म के आरोपी को 22 साल सश्रम कारावास की सजा, 50,000 रुपये जुर्माना भी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >