बोकारो. बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर पटना-रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से बरामद अधेड़ महिला के कटे सिर का सोमवार को जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराया. महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. जीआरपी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला की पहचान और पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है. अधिकारियों को उम्मीद है कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें: बोकारो के इस स्कूल में क्यों खाली रह गई 370 बच्चों की थालियां? 126 दिनों बाद दुकान ने खींचे हाथ
एफएसएल टीम ने इंजन की बारीकी से की जांच
रविवार को रांची से पहुंची एफएसएल टीम ने रेल इंजन का गहन निरीक्षण किया. टीम ने विशेष रूप से इंजन के उस हिस्से की जांच की, जहां से महिला का कटा सिर बरामद हुआ था. जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य एकत्र किये गये. साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जीआरपी के अनुरोध पर इंजन की धुलाई भी नहीं करायी गयी थी.
इंजन को वापस लाकर करायी गयी जांच
जानकारी के अनुसार शनिवार को जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन के अगले हिस्से से महिला का कटा सिर बरामद होने के बाद ट्रेन को रांची के लिए रवाना कर दिया गया था. रांची पहुंचने के बाद इंजन रैक लेकर पटना के लिए निकला. गोमो में रैक छोड़ने के बाद जांच के लिए इंजन को वापस बोकारो लाया गया. इसके बाद रविवार को एफएसएल टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से इंजन की जांच की.
पहचान और घटना के कारणों की तलाश
जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ट्रेन की चपेट में कब और कहां आयी तथा उसका सिर इंजन के अगले हिस्से तक कैसे पहुंचा. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित इंजन गया यार्ड से निकला था. ऐसे में जांच का दायरा गया से लेकर बोकारो तक बढ़ा दिया गया है. पुलिस मार्ग के विभिन्न स्टेशनों और रेलवे ट्रैक के आसपास की सूचनाओं को भी खंगाल रही है.
रिपोर्ट से खुल सकते हैं कई राज
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद घटना के कारणों और महिला की पहचान को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: बोकारो में डीएमएफटी योजनाओं की बदलेगी रफ्तार, जानें उपायुक्त ने समीक्षा बैठक में दिए क्या निर्देश
