Bokaro News : श्रद्धा के दीप व परंपरा की ज्योति से जगमगायी स्टील सिटी बोकारो

Bokaro News : जिले में धूमधाम से मनायी गयी दीपावली, घर-आंगन हुआ रोशन, काली पूजा पंडालों व मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, घर व प्रतिष्ठानों की दीपों और झालरों से की गयी आकर्षक सजावट.

बोकारो, स्टील सिटी बोकारो सोमवार को श्रद्धा के दीप व परंपरा की ज्योति से जगमगा उठी. दीपावली धूमधाम से मनी. भगवान श्रीगणेश व मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना हुई. मां काली की आराधना श्रद्धा व भक्ति के साथ की गयी. काली पूजा पंडालों व मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. देर रात तक पूजा हुई. रंग-बिरंगी रोशनी से घर-आंगन रोशन हो गया. घर व प्रतिष्ठानों को दीपों और झालरों से आकर्षक सजावट की गयी. कई स्थानों पर काली पूजा पंडालों के आसपास मेला लगा. मेला को लेकर बच्चे व युवा उत्साहित दिखे.

ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही पूजा की धूम

शहरी क्षेत्रों के साथ चास, चंदनकियारी, पिंड्राजोरा, तलगड़िया, बालीडीह, जैनामोड़, पेटरवार, कसमार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्व की धूम रही. अधिकांश लोगों ने घरों में मिट्टी के दीये व मोमबत्ती चलाकर अंधेरे को मिटाया. चाइनीज झालर व बल्ब की सजावट खूब हुई. जमकर आतिशबाजी भी हुई.

घर व प्रतिष्ठान आम के पत्तों, फूल व केले के थंब से सजाये गये

शाम होते ही पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा. तरह-तरह की लाइटिंग, आकर्षक झालर, रंग-बिरंगे बल्ब, मिट्टी के दीये व मोमबत्ती से हर घर, दुकान व कल-कारखाने जगमगाने लगे. घर व प्रतिष्ठान आम के पत्तों, फूल व केले के थंब से सजा.

लक्ष्मी व गणेश के साथ खाता, बही, गल्ला व तराजू की भी हुई पूजा

दीपावली के दिन घर, दुकानों व कल-कारखानों में भगवान श्री गणेश व मां लक्ष्मी की पूजा अहले सुबह से शुरू हुई, जो देर रात तक चलती रही. इस दौरान मां लक्ष्मी व भगवान श्री गणेश की पूजा के साथ खाता, बही, गल्ला व तराजू की भी विधिवत पूजा हुई. पूजा के बाद बच्चे व छोटों ने बड़ों से आशीर्वाद लिया. व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों पर लक्ष्मी का पूजन किया.

जमकर हुई आतिशबाजी

पूजा के बाद रात में आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा. बच्चों के साथ बड़े भी आतिशबाजी की मस्ती में दिखे.

मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया

पर्व को लेकर पटाखा का बाजार गर्म रहा. लोगों की भीड़ पटाखा व मिठाइयां की दुकानों पर दिखी. शाम में लोगों ने अपने घरों को दीपों से सजाया. लोगों ने घरों को सजाया एवं श्रद्धा से कुबेर, गणेश व मां लक्ष्मी की पूजा की. गली-मोहल्ले व रिश्तेदारों के यहां मिठाई बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं.

घर के आंगन में रंगोलियां बनायी गयीं

लोगों ने पारंपरिक तरीके से दीपावली पूजन किया. इसके बाद अपने दोस्तों व खास लोगों के घर जाकर उन्हें उपहार देने शुरू कर दिये. शाम को महिलाओं ने अपने घर के आंगन में विभिन्न रंगोलियां बनाई और मां लक्ष्मी व श्री गणेश जी का पूजा अर्चना कर दीप जलाये.

सोशल मीडिया पर भी भेजे गये शुभकामना संदेश

साेशल मीडिया पर भी दिवाली के शुभकामना संदेश की खूब आवाजाही रही. अहले सुबह से ही लोग अपने मित्रों व परिजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई देने में लगे रहे.

श्रद्धालुओं ने सुख-शांति व समृद्धि की कामना की

वहीं, काली मंदिरों में देर रात्रि पूजा अर्चना के बाद पूजा पंडालों व मंदिरों का पट भक्तों के लिए खोल दिया गया. श्रद्धालुओं ने सुख-शांति व समृद्धि की कामना की. काली पूजा पंडालों में आकर्षक लाइटिंग आकर्षण का केंद्र रहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >