Bokaro News : सदर अस्पताल : अब लेप्रोस्कोपिक विधि से होगा मरीजों का ऑपरेशन

Bokaro News : 14 बेड का आयुष्मान वार्ड तैयार, सर्जरी के मरीजों को मिलेगा लाभ, सर्जन की टीम हर माह 90 मरीजों का आयुष्मान योजना से कर रही सर्जरी.

रंजीत कुमार, बोकारो, सदर अस्पताल प्रबंधन लगातार मरीजों की सुविधाओं में इजाफा कर रहा है. आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पताल में सर्जरी को लेकर दाखिल होनेवाले मरीजों के लिए खुशखबरी है. एक सप्ताह के अंदर लेप्रोस्कोपिक विधि से सर्जरी की जायेगी. इसे लेकर मशीन इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. साथ ही 14 बेड का आयुष्मान वार्ड भी तैयार कर लिया गया है. फिलहाल प्रति माह आयुष्मान भारत योजना से 90 से अधिक मरीजों की सर्जरी की जा रही है. अस्पताल में फिलहाल ओपन सर्जरी विधि से एपेंडिक्स, गॉलब्लैडर स्टोन, हर्निया, हिस्टोटामी, पाइल्स का ऑपरेशन किया जा रहा है. अस्पताल में सर्जरी करानेवाले मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. सर्जन डॉ निशांत कुमार ने बताया कि लेप्रोस्कोपिक विधि से ऑपेरशन के बाद मरीज को अस्पताल में टांका कटवाने की अधिक परेशानी नहीं होगी. साथ ही छोटे चीरे, कम दर्द, तेजी से ठीक होना, संक्रमण व रक्तस्राव का कम जोखिम रहता है. मरीज को अस्पताल में कम समय तक रखा जाता है. ऑपरेशन वाले स्थान पर निशान छोटे होते हैं. मरीज जल्दी अपनी सामान्य गतिविधियों में लौटते हैं. सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देश पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एनपी सिंह की देखरेख में सर्जन डॉ निशांत कुमार, निश्चेतक डॉ सौरव सांख्यान, असिस्टेंट शमीम अख्तर, कुमार सत्यम, अब्दुल शुकुर अंसारी, जितेंद्र कुमार महतो, एएनएम विनिता गुड़िया की टीम लगातार ऑपरेशन कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >