Bokaro News: बरवाडीह में इंटरचेंज की मांग पर एनएचआई का स्थलीय निरीक्षण

Bokaro News: मंत्रालय लेगा अंतिम निर्णय, निर्माणाधीन कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेस-वे पर जरीडीह प्रखंड की अराजू पंचायत अंतर्गत बरवाडीह गांव के पास हो रहा इंटरचेंज निर्माण.

कसमार, भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेस-वे पर जरीडीह प्रखंड की अराजू पंचायत अंतर्गत बरवाडीह गांव के पास इंटरचेंज निर्माण की ग्रामीणों की मांग सकारात्मक दिशा में बढ़ती दिखायी दे रही है. समाजसेवी चीकू मेहता, महेंद्र कुमार नायक समेत अन्य ग्रामीणों द्वारा पत्राचार के माध्यम से उठायी गयी मांग को एनएचआई ने संज्ञान में लिया है. प्रोजेक्ट डायरेक्टर के निर्देश पर एनएचआई के रेजिडेंट इंजीनियर आलोक कुमार ने गुरुवार को बरवाडीह पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने प्रस्तावित स्थल और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर इंटरचेंज निर्माण की व्यवहारिकता का आकलन किया. आलोक कुमार ने कहा कि इंटरचेंज की मांग कई दृष्टिकोण से उचित प्रतीत होती है. उन्होंने बताया कि वे अपनी जांच रिपोर्ट शीघ्र ही उच्चाधिकारियों को भेजेंगे. हालांकि अंतिम निर्णय मंत्रालय स्तर पर लिया जायेगा. ग्रामीणों ने कहा कि इंटरचेंज निर्माण को लेकर ठोस निर्णय होने तक कार्य शुरू नहीं होने दिया जायेगा. उन्होंने आनंद मार्ग प्रचारक संघ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय ‘आनंद नगर’ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा होगी. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि इंटरचेंज निर्माण से क्षेत्रीय आवागमन, व्यापार और आर्थिक विकास को नयी दिशा मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >