कसमार, कसमार प्रखंड के मंजूरा स्थित सपाहीटांड़ मैदान में शुक्रवार को घरेलू एवं महिला हिंसा उन्मूलन को लेकर महिला फुटबॉल प्रदर्शनी मैच का आयोजन हुआ. खेल के माध्यम से सामाजिक संदेश देने वाले इस आयोजन में विभिन्न सीएलएफ टीमों की महिलाओं ने भाग लिया. प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मंजूरा सीएलएफ ने मधुकरपुर सीएलएफ को 4-0 गोल से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. वहीं दूसरे सेमीफाइनल में खैराचातर सीएलएफ ने कसमार सीएलएफ को 4-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया. फाइनल में खैराचातर सीएलएफ ने मंजूरा सीएलएफ को 1-0 से शिकस्त देकर प्रदर्शनी मैच का खिताब अपने नाम किया. मुख्य अतिथि कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, बीडीओ नम्रता जोशी व विधायक प्रतिनिधि मो शेरे आलम ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया. अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में महिला हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. मौके पर दुर्गापुर पंचायत समिति सदस्य अंजू देवी, गर्री के उपमुखिया मासूम रजा, बीपीएम मनोज कुमार यादव, सभी सीसी, आइपीआरपी, राजकुमार सिंह, रंजीत कुमार महतो, कविता कुमारी, सबिता कुंती, चांदनी समेत विभिन्न सीएलएफ से जुड़ी महिलाएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
