Bokaro News : सीडी रेशियो में करें सुधार, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीसी

Bokaro News : डीएलसीसी की बैठक में शिक्षा ऋण, प्राथमिकता क्षेत्र व सरकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर जतायी नाराजगी, एक सप्ताह में लंबित 5,000 आवेदनों के निष्पादन का निर्देश.

बोकाराे, जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलसीसी) की तिमाही बैठक सोमवार को हुई. जिले में बैंकिंग गतिविधियों की धीमी गति व सरकारी योजनाओं के लक्ष्य पूरे नहीं होने उपायुक्त अजय नाथ झा ने कड़ा रूख अपनाया. सभी बैंक प्रतिनिधियों की क्लास ली. निर्धारित 12 बिंदुओं की क्रमवार समीक्षा की गयी. बैठक में एटीआर (जून तिमाही), सीडी–रेसियो, वार्षिक ऋण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), मुद्रा, एसएचजी–मुद्रा, शिक्षा ऋण, अविकसित ग्रामीण केंद्र (यूआरसी) डेटा, पीएम-एफएमई, पीएमईजीपी, आरसेटीआई ऋण–संबद्धता व पीएम–स्वनिधि पर चर्चा हुई.

उपायुक्त ने बैंकों की अनुपस्थिति और सुस्त रवैये पर आपत्ति जताई. अनुपस्थित रहने वाले बैंकों के उच्च अधिकारियों को कारण बताओ पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया. डीसी ने कहा कि जिले में जमा राशि, तो बढ़ रही है, लेकिन प्रदर्शन बेहद कमजोर है. यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है. जिन बैंकों में भारी डिपॉजिट है, वे अपनी सीएसआर गतिविधियों का ब्यौरा तत्काल उपलब्ध करायें. जिन बैंकों का सीडी रेशियो 50 प्रतिशत से कम है, वे इसे तत्काल सुधारें. सीडी-रेशियो किसी भी बैंक के वास्तविक कामकाज का दर्पण है. यह 50 प्रतिशत से नीचे नहीं रहना चाहिए, सुधार नहीं करने पर कार्रवाई तय है. उन्होंने पशुपालन विभाग व जेएसएलपीएस को एक सप्ताह का विशेष केसीसी व मुद्रा अभियान चलाने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने प्राथमिकता क्षेत्र ऋण पर कहा कि जितना डिपॉजिट है, उसके अनुपात में प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण दिया जा रहा है या नहीं, यह स्पष्ट होना चाहिए. सभी बैंकों का डेटा विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार हो. किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जायेगी.

नाबार्ड के 5000 आवेदन पर त्वरित कार्रवाई का आदेश

डीडीएम नाबार्ड फिलमोन बिलोंग ने बताया : 5,000 आवेदन संकलित कर बैंक को सौंप दिए गए हैं. इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर सभी आवेदनों का निष्पादन हो. किसी बैंक को कठिनाई हो तो तुरंत बताएं, बाद में बहाने स्वीकार नहीं होंगे.

शिक्षा ऋण पर जोर

उपायुक्त ने शिक्षा ऋण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बोकारो प्रमुख शिक्षा केंद्र है. यहां शिक्षा ऋण की अपार संभावनाएं हैं. बैंक शिक्षा ऋण में देर करें या टालमटोल करें, यह बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. समयबद्धता, पारदर्शिता व उत्तरदायित्व बनाए रखें. लक्ष्यों की प्राप्ति में बाधा डालने वाले किसी भी बैंक या अधिकारी पर कार्रवाई होगी. मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, एलडीएम आबिद हुसैन समेत विभिन्न बैंक के प्रतिनिधि व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >