Bokaro News : एक फरवरी को सुबह छह से 11 बजे तक शहर की चार मुख्य सड़कों पर आवागमन रहेगा बंद
Bokaro News : बोकारो हॉफ मैराथन एक फरवरी को, 5800 धावकों ने कराया है रजिस्ट्रेशन, जिले सहित बड़ी संख्या में बाहर के लोग लगायेंगे दौड़.
बोकारो, बोकारो स्टील प्लांट के तत्वावधान में बोकारो हॉफ मैराथन का आयोजन एक फरवरी को होगा. इसको लेकर सुबह छह से पूर्वाह्न 11 बजे तक शहर की चार मुख्य सड़कों पर आवागमन बंद रहेगा. इसको लेकर नगर प्रशासन विभाग सेल-बीएसएल की ओर से गुरुवार को सूचना जारी की गयी है. मैराथन के लिए बोकारो सहित आसपास के अलावा देश के कई शहरों के 5800 धावकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. रविवार को दौड़ के लिए गांधी चौक, सेक्टर चार से पत्थरकट्टा चौक, सेक्टर पांच की दोनों लेन, पत्थरकट्टा चौक, सेक्टर पांच से शास्त्री चौक, सेक्टर छह की दोनों लेन, एमकेएम स्टेडियम सेक्टर चार से एसआरयू मोड़ व एम के एम स्टेडियम, सेक्टर चार से हटिया मोड़ सेक्टर पांच स्टील सिटी की इन सड़कों पर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा.
वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करें जन सामान्य, आधे घंटे पहले पहुंचे प्रतिभागी
विभाग की ओर से लोगों को सूचित किया गया है कि एक को वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करें. प्रतिभागियों को भी सूचित किया गया है कि वे वैकल्पिक मार्ग से निर्धारित समय के अनुसार (दौड़ शुरू होने से आधा घंटा पहले) एमकेएम स्टेडियम, सेक्टर चार पहुंचे.
पांच किमी के लिए 1083 महिलाओं व 2914 पुरुषों ने कराया है रजिस्ट्रेशन
मैराथन के लिए कुल 1229 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इसमें सबसे अधिक पांच किमी के लिए 1083 जबकि सबसे कम दो किमी के लिए एक ने रजिस्ट्रेशन किया है. इसके अलावा 10 किमी के लिए 123 व 21 किमी के लिए 22 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है. वहीं मैराथन के लिए कुल 4571 पुरुषों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इसमें सबसे अधिक पांच किमी के लिए 2914 जबकि सबसे कम दो किमी के लिए 17 ने रजिस्ट्रेशन किया है. इसके अलावा 10 किमी के लिए 1248 व 21 किमी के लिए 392 पुरुषों ने रजिस्ट्रेशन कराया है.
चेस्ट नंबर व टी-शर्ट के लिए उमड़ी भीड़
गुरुवार को प्रतिभागियों की भीड़ चेस्ट नंबर व टी-शर्ट के लिए दिनभर नगर सेवा में उमड़ी रही. इसमें हर आयु वर्ग के महिला-पुरुष शामिल थे. चेस्ट नंबर व टी-शर्ट मिलने के बाद प्रतिभागी उत्साहित नजर आये.
स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन व फिटनेस जागरूकता उद्देश्य
यहां उल्लेखनीय है कि स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने, फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने व सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बोकारो इस्पात संयंत्र की ओर से गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 01 फरवरी 2026 को ‘बोकारो हाफ मैराथन’ का आयोजन किया जा रहा है. ‘एक्टिव बोकारो-हेल्दी बोकारो’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस मैराथन को विभिन्न आयु-वर्गों के अनुरूप तीन श्रेणियों विभाजित किया गया है. विजेताओं को नकद पुरस्कार दिये जायेंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल, टी-शर्ट व इ-प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा. दिव्यांगजनों के लिए दो किलोमीटर की विशेष दौड़ का आयोजन भी होगा.