Bokaro News : डॉ अशोक पंडा ने संभाला सेल के निदेशक वित्त का पदभार

Bokaro News : वित्तीय व तकनीकी ज्ञान व सक्रिय दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं डॉ पंडा, विभिन्न संयंत्रों व इकाइयों में विभिन्न पदों पर किया है काम.

बोकारो, डॉ अशोक कुमार पंडा ने 30 अप्रैल को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के निदेशक (वित्त) का पदभार संभाला. डॉ पंडा ने 1992 में सेल में प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में अपना कॅरियर शुरू किया था. विभिन्न संयंत्रों व इकाइयों में विभिन्न पदों पर काम किया है. वित्तीय व तकनीकी ज्ञान और प्रोएक्टिव अप्रोच (सक्रिय दृष्टिकोण) के लिए जाने जाने वाले डॉ पंडा को वित्तीय लेखांकन, लागत व बजट, बिजनेस प्लानिंग, राजकोष संचालन, टैक्सेशन व रणनीतिक प्रबंधन तक के क्षेत्रों में भी विशेषज्ञता हासिल है.

सेल की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

डॉ पंडा ने सेल की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसमें डीलीवरेजिंग प्रयास, लागत अनुकूलन, रेल मूल्य निर्धारण रणनीति, अचल संपत्ति बिक्री नीति, कर अनुकूलन, पारदर्शिता व दक्षता बढ़ाने के लिए सेल इकाइयों में ई-इनवॉइसिंग कार्यान्वयन और डिजिटल इनवॉइसिंग शुरू करना प्रमुख रूप से शामिल हैं. डॉ पंडा ने सेल के कई संयुक्त उद्यमों और सहायक कंपनियों के बोर्ड में नामित निदेशक के रूप में काम किया है, जिससे कंपनी के वित्तीय प्रशासन को और मजबूती मिली है.

लागत प्रबंधन में उत्कृष्टता के लिए जवाहर पुरस्कार-2012

वित्त क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों के अलावा डॉ पंडा ने खनन, संयंत्र संचालन, परियोजनाओं आदि क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसके लिए उन्हें लागत प्रबंधन में उत्कृष्टता के लिए जवाहर पुरस्कार-2012 जैसे पुरस्कार मिले हैं. वह युवा प्रबंधकों के लिए चेयरमैन ट्रॉफी में उपविजेता भी रहे, जिसने उनके करियर के शुरुआती चरण में उनके नेतृत्व और समस्या समाधान कौशल को उजागर किया. डॉ पंडा ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों, व्यावसायिक बैठकों आदि के लिए व्यापक रूप से यात्रा की है.

डॉ पंडा ने विदेशी और घरेलू संस्थानों से कई प्रशिक्षण प्राप्त किये

डॉ पंडा ने विदेशी और घरेलू संस्थानों से कई प्रशिक्षण प्राप्त किये हैं. सेल जिस तरह से इस्पात क्षेत्र में दक्षता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रहा है, डॉ. पंडा की वित्तीय प्रबंधन में रणनीतिक दृष्टि और नेतृत्व, लाभप्रदता और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी. डॉ पंडा के निदेशक-वित्त का पदभार ग्रहण करने से बीएसएल सहित सेल में खुशी का माहौल है. सभी को उम्मीद है कि डॉ पंडा के अनुभव का लाभ बीएसएल-सेल को मिलेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >