राजकीय श्रावणी मेला के दौरान उत्कृष्ट पुलिसिंग और कर्तव्यनिष्ठा के लिए बोकारो के इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह को सम्मानित किया गया. रविवार को जिला प्रशासन की ओर से आयोजित समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. समारोह में देवघर डीसी, एसपी समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद थे.
चुस्ती के साथ निभाई अपनी भूमिका
श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहती है. इस दौरान बोकारो जिला बल से भी कई पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को देवघर में प्रतिनियुक्त किया गया था. एसपी नाथु सिंह मीणा के निर्देश पर इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने भी मेला क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी संभाली.
समर्पण, अनुशासन और सेवाभाव को मिला सम्मान
करीब एक माह तक चले राजकीय श्रावणी महोत्सव के दौरान उन्होंने पुलिसिंग से जुड़ी जिम्मेदारियों का निर्वाह करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने में योगदान दिया. उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवाभाव को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
सम्मान से बढ़ा पुलिस बल का उत्साह
इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह को मिले सम्मान से बोकारो जिला पुलिस बल में खुशी का माहौल है. पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उन्हें बधाई दी. अधिकारियों ने कहा कि इस तरह का सम्मान पुलिसकर्मियों को कठिन परिस्थितियों में बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित करता है. साथ ही, यह सम्मान बोकारो जिला बल के लिए भी गौरव की बात है.
