बीएसएल के मानव संसाधन विभाग द्वारा शनिवार को अधिशासी निदेशक (संकार्य) के कॉन्फ्रेंस हॉल में नये श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में प्रधान नियोक्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर बीएसएल शीर्ष प्रबंधन, उप मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय), धनबाद सुमित व सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय), धनबाद-II, प्रभात शंकर विशेष रूप से उपस्थित थे. प्रतिभागियों को वेतन संहिता, 2019 ; औद्योगिक संबंध संहिता, 2020; व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता, 2020 व सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रमुख प्रावधानों व अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी दी गयी. नयी कानूनी आवश्यकताओं, पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं तथा नये श्रम संहिताओं के अंतर्गत अनुपालन संबंधी दायित्वों पर चर्चा की गयी. अधिकारियों ने सभी से नये श्रम संहिताओं के प्रभावी अनुपालन के लिए जागरूकता व प्रतिबद्धता बनाये रखने का आह्वान किया. उप मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय), धनबाद ने श्रम विभाग की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया.
Bokaro News : नियोक्ताओं को दी गयी नये श्रम संहिताओं की जानकारी
Bokaro News : बीएसएल में प्रधान नियोक्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
