Bokaro: 50 बेड का SC छात्रावास बेहाल, सड़क-पानी की सुविधा नहीं, बाहर नहाने को मजबूर छात्र

बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के अनुसूचित छात्रावास की हालत खस्ता है। सड़क और पानी की समस्या से छात्र जूझ रहे हैं, प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रही है परेशानी।

बोकारो: बोकारो स्टील सिटी कॉलेज में कल्याण विभाग की ओर से करीब 20 वर्ष पूर्व 40 लाख रुपये की लागत से बनाया गया 50 बेड का अनुसूचित जाति पुरुष छात्रावास इन दिनों बदहाली का दंश झेल रहा है. छात्रावास की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन कॉलेज प्रबंधन की ओर से विभाग को पत्राचार किए जाने के बावजूद अब तक छात्रावास तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं बन सकी है.

छात्रावास तक आने-जाने के लिए विद्यार्थियों के सामने फिलहाल पगडंडी ही एकमात्र सहारा है. बरसात के दिनों में यह रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है, जिससे विद्यार्थियों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. बारिश के दौरान छात्रावास तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं रहता है.

पेयजल की समस्या से शौचालय-बाथरूम भी बदहाल

छात्रावास में पेयजल की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है. पानी की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण शौचालय और बाथरूम की स्थिति खराब हो गयी है और इनका उपयोग भी काफी कम हो पाता है. कॉलेज प्रबंधन की ओर से पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध करायी गयी है, लेकिन विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप यह पर्याप्त नहीं है.

छात्रों को स्नान करने और कपड़े धोने के लिए छात्रावास से बाहर लगे नल का सहारा लेना पड़ता है. इससे विद्यार्थियों को रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानी होती है.

बीएड, स्नातकोत्तर और स्नातक के विद्यार्थी रह रहे

वर्तमान में छात्रावास में बीएड, स्नातकोत्तर और स्नातक के विद्यार्थी रह रहे हैं. विद्यार्थियों का कहना है कि छात्रावास तक सड़क, पर्याप्त पेयजल और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था होने से उन्हें काफी राहत मिलेगी.

क्या कहती हैं प्राचार्या

बोकारो स्टील सिटी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. माधुरी कुमारी ने कहा कि छात्रावास की समस्याओं को लेकर कल्याण विभाग से पत्राचार किया गया है. छात्रावास की समस्या को लेकर कॉलेज प्रबंधन गंभीर है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >