बिनोद बिहारी महतो की जयंती पर भव्य आयोजन, एयरपोर्ट नामकरण की उठी मांग

बोकारो हवाई अड्डे का नाम जननायक बिनोद बिहारी महतो के नाम पर रखने की मांग तेज हो गई है. स्मारक समिति ने जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक की.

जोधाडीह मोड़-चंदनकियारी रोड स्थित कुड़मी छात्रावास में रविवार को बिनोद बिहारी महतो स्मारक समिति बोकारो की बैठक हुई. अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ महतो ने की. बैठक में 23 सितंबर को झारखंड आंदोलन के प्रमुख पुरोधा बिनोद बिहारी महतो की जयंती बोकारो एयरपोर्ट चौक के समीप धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गयीं.

एयरपोर्ट का नाम बिनोद बिहारी महतो के नाम पर रखने की मांग

बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किये गये. इनमें बोकारो एयरपोर्ट का नाम जननायक बिनोद बिहारी महतो के नाम पर रखने की मांग प्रमुख रही. समिति के सदस्यों ने कहा कि बिनोद बाबू के योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को देखते हुए यह सम्मान उन्हें समर्पित किया जाना चाहिए.

स्मारक भवन बनाने का भी निर्णय

समिति ने एयरपोर्ट के समीप खाली पड़ी जमीन पर बिनोद बिहारी महतो स्मारक भवन का निर्माण कराने का भी निर्णय लिया. सदस्यों ने कहा कि स्मारक भवन के माध्यम से बिनोद बाबू के विचारों, संघर्ष और सामाजिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.

पढ़ो और लड़ो का दिया था नारा

अध्यक्ष विश्वनाथ महतो ने कहा कि बिनोद बिहारी महतो झारखंड आंदोलन के प्रमुख पुरोधा, समाज सुधारक और राजनीतिज्ञ थे. उन्होंने 'पढ़ो और लड़ो' का नारा दिया था, जिसने झारखंड आंदोलन को नयी दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उन्होंने शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने के साथ सामाजिक जागरूकता का कार्य किया.

विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने बिनोद बिहारी महतो के विचारों और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. साथ ही जयंती समारोह को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज करने पर सहमति बनी.

मौके पर झारखंड आंदोलनकारी नेता पार्वती चरण महतो, खिरोधर महतो, दिलीप तिवारी, अरुण महतो, दुर्गा चरण महतो, लालू महतो, सुभाष महतो, लुकमान अंसारी, बहादुर महतो, कुमोद महतो, नंदराज महतो, अश्विनी महतो, अशोक महतो, परशुराम महतो समेत अन्य मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >