रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कसमार प्रखंड के दांतू के पास बोकारो-रामगढ़ उच्च पथ को जाम कर दिया. भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य लक्ष्मण कुमार नायक के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया.
सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
इस दौरान लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि सरकार लाठी और गोली के बल पर जनआंदोलन को नहीं दबा सकती. छात्रों पर जिस तरह लाठीचार्ज किया गया, उससे सरकार की कार्यशैली और छात्रों के प्रति उसकी संवेदनशीलता पर सवाल खड़े होते हैं.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के कारण युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. सरकार को इस मामले में पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिये.
इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल दांतू पहुंचा. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से सड़क जाम समाप्त करने का आग्रह किया.
