पेटरवार-बरईकलां सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, बारिश में तालाब बनी सड़क; दुर्घटना का खतरा

कसमार प्रखंड की पेटरवार-बरईकलां सड़क की बदहाली से दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीण परेशान हैं. बारिश के पानी से भरे गड्ढों के कारण आवागमन दूभर हो गया है. ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग की है.

कसमार प्रखंड के विभिन्न गांवों को पेटरवार के मुख्य व्यवसायिक केंद्र से जोड़ने वाली पेटरवार-बरईकलां सड़क इन दिनों बदहाल हो गयी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है. कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चालकों को दुर्घटना से बचने के लिए काफी सावधानी बरतनी पड़ती है.

दर्जनों गांवों के आवागमन का प्रमुख मार्ग

पेटरवार-बरईकलां सड़क खुटाहारा, भगत बहवा, ब्राह्मणडीह, करकट्टा कलां, करकट्टा खुर्द, बरईकलां, बरईखुर्द, चैनपुर, सुईयाडीह, कोयरीजारा, तेतरटांड, रानीटांड, तिलयतरिया, डुंडाडीह, परसाटांड, कमारहीर, मेढ़ा, कारुजारा, दुर्गापुर और भवानीपुर समेत दर्जनों गांवों व उपगांवों को पेटरवार से जोड़ती है. इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पैदल, साइकिल, बाइक और चारपहिया वाहनों से आवागमन करते हैं.

कृषि बहुल क्षेत्र होने के कारण ग्रामीण अपनी उपज बेचने और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने के लिए पेटरवार बाजार पर निर्भर हैं. पेटरवार में विद्यालय, बस स्टैंड, बैंक, अस्पताल, डाकघर, पेट्रोल पंप समेत कई जरूरी प्रतिष्ठान और व्यवसायिक गतिविधियां हैं. ऐसे में इस सड़क का ग्रामीणों के लिए काफी महत्व है.

कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त

ग्रामीणों के अनुसार, पेटरवार के खत्री मुहल्ला, राजा तालाब, सिंदवारगजार, नरयाही, खुटाहारा करंजटांड़, भगत बहवा, ब्राह्मणडीह और हेडपागड्डा से लेकर बरईकलां के बांकी गड्ढा तक कई जगह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. बरसात में बड़े गड्ढों में पानी भर जाने के कारण सड़क का पता लगाना भी मुश्किल हो जाता है. इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है.

शवयात्रा में भी होती है परेशानी

सड़क के किनारे पेटरवार के खत्री मुहल्ला स्थित राजा तालाब के समीप पैन गड्ढा में श्मशान घाट है. घनी आबादी वाले पेटरवार क्षेत्र के लोग अंतिम संस्कार के लिए इसी मार्ग से श्मशान घाट पहुंचते हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण शवयात्रा के दौरान भी लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक इसके स्थायी समाधान की दिशा में पहल नहीं हुई है. उनका आरोप है कि सड़क की बदहाली के बावजूद जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग के अधिकारी इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराने की मांग की है, ताकि दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और दुर्घटनाओं का खतरा कम हो.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नागेश्वर महतो

मैं नागेश्वर महतो 1992से प्रभात खबर से पेटर वार से जुडा हूँ, 7903449961

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >