Bokaro News : निपाह वायरस से बचने को लेकर किया जागरूक
डीवीसी अस्पताल चंद्रपुरा की ओर से शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, राजबेड़ा में स्वास्थ्य व जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में निपाह वायरस को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया. डॉ ए तिग्गा ने कहा कि निपाह वायरस जानवरों से इंसानों में फैलता है तथा सीमित परिस्थितियों में संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भी फैल सकता है. बचाव के उपायों पर ध्यान दिया जाये तो संक्रमण से बचा जा सकता है. निपाह वायरस का असर मुख्य रूप से दिमाग पर पड़ता है. इसके लक्षणों में बुखार, सिर व बदन दर्द के साथ-साथ सांस लेने में दिक्कत शामिल है. संक्रमण से बचाव के लिए सफाई पर विशेष ध्यान देने और चमगादड़ सहित अन्य जानवरों से दूर रहने की सलाह दी गयी. मौके पर अस्पताल के दीपेन नायक, विद्यालय के शिक्षक भागीरथ हेंब्रम, प्रकाश कुमार, महेश महतो, कविता कुमारी, निशा सहित अन्य मौजूद थे.
डीएवी स्वांग में 12वीं के विद्यार्थियों को दी गयी विदाई
डीएवी स्कूल, स्वांग में शुक्रवार को महात्मा नारायण दास ग्रोवर की पुण्यतिथि मनायी गयी और 12वीं के विद्यार्थियों को समारोह आयोजित कर विदाई दी गयी. स्व ग्रोवर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी. विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये. इस अवसर पर सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. साथ ही स्वांग कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी सहित सीसीएल के कई अधिकारी भी थे. महाप्रबंधक ने परीक्षा के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी. साथ ही अतीत से सीख लेने और वर्तमान को सही ढंग से जीने की बात कही. प्राचार्या डी बनर्जी ने 12वीं के विद्यार्थियों को उपहार देते हुए स्व ग्रोवर के संघर्षपूर्ण व प्रेरणादायी जीवन से सीख लेने की बात की. कहा कि नैतिकता और आदर्शों को आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है. इनके बिना कोई भी सफलता पूर्ण नहीं मानी जा सकती. विद्यार्थियों को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम भी दिखाया गया, जिसमें प्रधानमंत्री के संदेशों को सुना. इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.