आजसू पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक सोमवार को बोकारो में हुई. अध्यक्षता करते हुए पार्टी प्रमुख व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि आजसू ने संघर्ष कर अलग राज्य का निर्माण किया है. लेकिन, अभी तक शहीदों के सपनों का झारखंड नहीं बन पाया है. राज्य में माफिया राज चल रहा है. शोषण और लूट के खिलाफ आवाज उठाने वालों को जेल भेजा जा रहा है. आजसू का स्थापना दिवस 22 जून को धनबाद में मनाया जायेगा और वहां से एक नये उलगुलान का बिगुल फूंका जायेगा.
विशिष्ट अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि हेमंत सरकार में अधिकारी बेलगाम हो गये हैं और विस्थापितों व रैयतों का शोषण किया जा रहा है. हेमंत सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ पार्टी सड़क पर उतरेगी. जनता को आजसू से ही उम्मीद है. पार्टी पदाधिकारी संघर्ष और बदलाव की तैयारी करें. मांडू विधायक निर्मल महतो, बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, पूर्व मंत्री राम चंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत तथा केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी बैठक को संबोधित किया.
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर बैठक में निर्णय लिया गया कि पांच जुलाई को रांची में महिलाओं का और सात व आठ अगस्त को जमशेदपुर में युवा आजसू का महाधिवेशन होगा. राज्य के जनसरोकार व समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी गहन चर्चा हुई.
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया व राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर विशेष चर्चा की गयी. राज्य सरकार के कार्यों की समीक्षा की गयी. संगठन विस्तार व सुदृढ़ीकरण के लिए बूथ, पंचायत, प्रखंड, जिला व राज्य स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनी.
कई युवाओं ने आजसू का दामन थामा
मौके पर चंदनकियारी के विकास बाउरी, पंकज सिंह, भारतीय रजवार विकास संघ के धर्म देव रजवार, सुरजन कपरदार आदि ने सुदेश महतो की उपस्थिति में आजसू का दामन थामा. बैठक में केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, हरे लाल महतो, यशोदा देवी, निर्मला भगत, काशीनाथ सिंह, संजय मेहता, जयपाल सिंह, केंद्रीय सचिव बबिता देवी, बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो, राजेश महतो, अश्विनी महतो, प्रो अल्लाउद्दीन अंसारी, दुर्गा चरण महतो, ध्रुव साह, नवीन महतो, संतोष महतो, टिकैत महतो, सुशेन रजवार, सूरज महतो आदि उपस्थित थे.
