बहादुरपुर स्थित सहयोगिनी संस्था की ओर से गुरुवार को किशोरी लीडर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कसमार प्रखंड के विभिन्न गांवों में किशोरियों के समग्र विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने को लेकर आगामी एक्शन प्लान तैयार किया गया.
पांच वर्षों से 30 गांवों में चल रहा अभियान
संस्था की सचिव कल्याणी सागर ने बताया कि सहयोगिनी पिछले पांच वर्षों से कसमार प्रखंड के 30 गांवों में किशोरियों के नेतृत्व विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. इन गांवों में गठित किशोरी क्लबों की महीने में दो बार बैठक आयोजित की जाती है.
बैठकों के माध्यम से किशोरियों को क्षमता एवं कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता निर्माण और लाइफ स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाता है. इसके साथ ही उन्हें अपने अधिकारों और कानूनों की जानकारी भी दी जाती है.
पॉक्सो कानून और बच्चों के अधिकारों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को पॉक्सो कानून और बच्चों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देने पर भी जोर दिया गया. संस्था की ओर से किशोरियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया जा रहा है.
कल्याणी सागर ने कहा कि किशोरियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना संस्था के कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
ये रहे मौजूद
मौके पर समन्वयक कुमारी किरण, मंजू देवी, स्वाति कुमारी, पायल कुमारी, अंजली कुमारी, संजना कुमारी, नीतू मुर्मू, लखी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, रोशनी कुमारी समेत अन्य लोग मौजूद थे.
