Bokaro News : संवाददाता, बोकारो. बालीडीह थाना पुलिस ने शनिवार को एल्यूमिनियम तार चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य सरगना समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 70 किलो चोरी का एल्यूमिनियम तार और एक कार (जेएच10बी-3892) बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में कुर्मीडीह निवासी प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ धनु, सिंटू कुमार और प्रिंस कुमार शामिल हैं. प्रकाश को गिरोह का मुख्य सरगना बताया जा रहा है. वहीं चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े रोहित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है. रोहित मूल रूप से हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मनसा मंदिर के पास का रहने वाला है और वर्तमान में रामगढ़ में रहता है.
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने कैंप-दो स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक बालीडीह थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में एल्यूमिनियम तार चोरी कर कार से रामगढ़ ले जा रहे हैं. सूचना मिलने के बाद एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गयी. पुलिस टीम ने हाइवे पर संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा. पीछा करने के बाद पुलिस ने नकरका के पास कार को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान वाहन से 70 किलो एल्यूमिनियम तार बरामद किया गया.पुलिस ने जब बरामद तार से संबंधित वैध कागजात मांगे, तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बोकारो स्टील प्लांट के आसपास से एल्यूमिनियम तार चोरी कर उसे जमा करते थे और बाद में रामगढ़ निवासी रोहित कुमार के माध्यम से बेच देते थे. डीएसपी ने बताया कि प्रकाश कुमार उपाध्याय पर बालीडीह थाना में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि रोहित कुमार पर भगवानपुर थाना में भी एक कांड दर्ज है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है. छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, पुअनि संदीप कुमार, पुअनि जितेंद्र कुमार यादव, पुअनि अजय कुमार राय, पुअनि अविनाश कुमार गौतम और हवलदार जबरा मुंडू शामिल थे.
रामगढ़ सीमा पर बढ़ायी गयी चौकसी
रामगढ़ डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि बोकारो से चोरी का एल्यूमिनियम तार रामगढ़ में खपाये जाने की सूचना के बाद पुलिस सतर्क हो गयी है. संदिग्ध गिरोहों और वाहनों पर नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि बोकारो पुलिस के साथ समन्वय कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जायेगा.
