आजसू कार्यकर्ताओं पर आरोप
चंदनकियारी : चंदनकियारी भाजपा प्रत्याशी अमर कुमार बाउरी के निजी सहायक दिलीप महतो समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं पर रविवार देर रात को हमला हो गया. आरोप आजसू के कार्यकर्ताओं पर लगा है.
घायल भाजपा कार्यकर्ता कालाचंद महतो ने बरमसिया ओपी में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है. इसमें कहा कि मैं रविवार रात साढ़े दस बजे अपने गांव बोदमा मोड़ में खड़ा था. इस दौरान स्वपन महतो, भारत महतो, किशन महतो, शक्तिपद महतो, कैलाश महतो, संजय महतो, फनी महतो, कार्तिवास महतो व अन्य कई लोगों ने अचानक हथियार से हमला कर दिया. आवाज सुन कर प्रत्याशी अमर बाउरी के पीए दिलीप महतो व अन्य कई लोग बचाने पहुंचे.
आजसू कार्यकर्ताओं ने उन पर भी हमला कर दिया. घायल निजी सहायक समेत अन्य का इलाज बीजीएच में चल रहा है. इधर, दूसरे पक्ष के स्वपन महतो ने थाना में आवेदन देकर दूसरे पक्ष के कई लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है.
