गांजा बेचने के मामले में तीन माह पूर्व जेल से छूट कर आयी थी महिला
बोकारो : माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह शिव मंदिर के निकट रहने वाली 42 वर्षीय उमरावती देवी (पति तारकेश्वर पांडेय) को उसके देवर पप्पू पांडेय ने पीट-पीटकर मार डाला. घटना सोमवार की सुबह लगभग तीन बजे की है. उमरावती देवी का आवास बोकारो-रामगढ़ फोरलेन मुख्य सड़क के किनारे रितुडीह में है.
घटना के छह घंटे बाद देवर ने खुद थाना पहुंचकर हत्या की सूचना पुलिस को दी. पुलिस सुबह दस बजे उमरावती के आवास पहुंची. आवास के प्रथम तल्ला पर स्थित निर्माणाधीन कमरे से उमरावती का शव बरामद किया. महिला के मुंह से खून निकल रहा था. पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया. मामले का खुलासा होने के बाद देवर पप्पू पांडेय को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के पहुंचने पर बेटों को मिली हत्या की जानकारी : पुलिस जब उमरावती के आवास पहुंची तब उसके दोनों पुत्रों को जानकारी हुई कि उसकी मां की हत्या हो चुकी है. उमरावती का शव जैसे ही मिला. दोनों पुत्रों भोला पांडेय (21 वर्ष) व संतोष पांडेय (24 वर्ष) ने पुलिस के समक्ष अपने चाचा पप्पू पांडेय पर हत्या करने का आरोप लगाया. इसके बाद पुलिस ने भी पप्पू से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपनी भाभी की हत्या करने की बात कबूल ली.
संपत्ति विवाद को लेकर अक्सर मारपीट करता था देवर : मृतका के दोनों पुत्रों ने बताया : उनका पैतृक आवास बिहार के जिला भोजपुर ग्राम बलुआ में है. उनके पिता तारकेश्वर पांडेय बोकारो से बाहर रह कर चालक का काम करते हैं. रितुडीह में उनके पिता अपने छोटे भाई पप्पू पांडेय के साथ पूरे परिवार के साथ कई वर्षों से रह रहे हैं.
पप्पू के भी दो पुत्र है. पप्पू अक्सर गांव की संपत्ति और रितुडीह में आवास के विवाद को लेकर उसकी मां से लड़ाई-झगड़ा करता था. पूर्व में भी पप्पू ने उसकी मां से संपत्ति विवाद को लेकर दो बार बेरहमी से मारपीट की थी. पुलिस के अनुसार महिला प्रतिदिन सुबह उठकर घर के मवेशी को चारा देने व साफ-सफाई का काम करती थी. सोमवार की सुबह भी वह मवेशी की सेवा के लिए घर से बाहर निकली. वह आवास के ऊपरी तल्ला पर पहुंची.
इसी दौरान पप्पू भी वहां पहुंच गया. संपत्ति विवाद को लेकर पप्पू भाभी के साथ मारपीट करने लगा. इस दौरान जब उमरावती जमीन पर गिरी तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. घटना के दौरान उमरावती के दोनों पुत्र व पप्पू की पत्नी और दोनों पुत्र सोये थे. पप्पू ने केवल अपनी पत्नी को उठाकर घटना की जानकारी दी और पत्नी को साथ लेकर थाना गया. पप्पू ने पहले पुलिस को बरगलाने की कोशिश की थी. पप्पू ने पुलिस को बताया था कि सुबह किसी अज्ञात अपराधी ने उसकी भाभी की हत्या कर फरार हो गया. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है.
गांजा बेचने के मामले में एक साल पहले गिरफ्तार हुई थी उमरावती : मृतका उमरावती के रितुडीह स्थित आवास में 27 अक्टूबर 2018 को बीएस सिटी थाना पुलिस ने छापेमारी कर दो किलो आठ सौ ग्राम गांजा बरामद किया था. यह छापेमारी सिटी डीएसपी ज्ञानरंजन व बीएस सिटी थाना के तत्कालीन इंस्पेक्टर मदन मोहन प्रसाद सिन्हा ने गुप्त सूचना के आधार पर की थी. उमरावती गांजा का पुड़िया बनाकर उसे बेचती थी. अवैध गांजा के साथ उमरावती को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसे जेल भेजा था. इस मामले में तीन माह पूर्व उमरावती जमानत पर जेल से बाहर निकली थी.
