जगुआर के सिपाही से इन्हीं लोगों ने की थी 1.15 लाख रुपये की छिनतई, अन्य कई घटनाओं में रही है इनकी संलिप्तता
बोकारो : बोकारो शहर में छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले कोढ़ा गैंग के दो सदस्यों को हरला थाना पुलिस ने सेक्टर नौ वसंती मोड़ के निकट वाहन जांच अभियान चला कर मंगलवार को गिरफ्तार किया. इसमें बिहार के जिला कटिहार, थाना कोढ़ा, जुलाबगंज निवासी रौनिक कुमार व राजीव यादव शामिल हैं.
इनके पास से फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगी एक पल्सर बाइक (जेएच 09 एजे-2666), आम लोगों से छिनतई किये गये 64 हजार पांच सौ रुपये, नौ मोबाइल, दस सीम कार्ड, बाइक की डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल किया जाने वाला पेचकस व अन्य चार औजार, फर्जी वोटर कार्ड, आधार कार्ड और वाहन के कागजात भी मिले हैं.
कोढ़ा गैंग ने एक माह में दो घटनाएं की : एसपी पी मुरूगन ने कैंप दो स्थित अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि इस गैंग के दो अपराधी फिलहाल फरार हैं. गैंग के इन अपराधियों ने विगत एक माह में हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर आठ व वसंती मोड़ में दो घटना को अंजाम देकर कुल दो लाख 33 हजार रुपये की छिनतई की है. छह मार्च को जगुआर के सिपाही राजेश कुमार चौरसिया से वसंती मोड़ के निकट 1.15 लाख रुपये भी इन लोगों ने छीना था.
एक माह पूर्व कोढ़ा गैंग के अपराधियों ने ही सेवानिवृत्त बीएसएल कर्मी सूर्यदेव राम से सेक्टर आठ में 1.19 लाख रुपया छीन लिये थे. सिपाही से छीने गये रुपयाें में से ही 50 हजार रुपये गिरफ्तार अपराधियों के पास से मिले हैं. कोढ़ा गैंग के अपराधी झारखंड के रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद आदि शहरी क्षेत्रों में बैंकों में घूम-घूम कर टारगेट की तलाश करते हैं. इसके बाद उनका पीछा कर छिनतई करते हैं. गैंग के अपराधी जिस शहर में घटना को अंजाम देते हैं, उस समय उसी शहर का फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर बाइक में चिपका देते हैं, ताकि पुलिस को शंका ना हो.
विशेष टीम में ये थे शामिल
शहर में हो रही छिनतई की घटनाओं पर रोक लगाने व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया था. इस टीम में सिटी डीएसपी ज्ञान रंजन, चास एसडीपीओ बाहामन टूटी, इंस्पेक्टर सह हरला थानेदार जय गोविंद प्रसाद गुप्ता, जमादार शंभू नाथ सिंह शामिल थे.
