अब तक नहीं मिले हैं बर्ड फ्लू के मरीज
सदर अस्पताल में बनाया गया है आइसोलेशन वार्ड
बोकारो : बोकारो में बर्ड फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है. सदर अस्पताल में आइश्यूलेशन वार्ड बनाया गया है. चिकित्सकों व पारा मेडिकल की एक टीम भी तैयार रखी गयी है. टीम की मॉनीटरिंग खुद सिविल सर्जन डॉ अंबिका प्रसाद मंडल कर रहे हैं. जिले में अब तक एक भी बर्ड फ्लू से ग्रसित मरीज नहीं मिला है.
सीएस डॉ मंडल ने सभी अस्पतालों को निर्देश जारी किया है. अस्पताल आने वाले बुखार से ग्रस्त मरीजों पर खास नजर रखें. सीएस डॉ मंडल ने शनिवार को ‘प्रभात खबर’ से कहा : बर्ड फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है. जागरूक रहने पर बर्ड फ्लू से बचाव संभव है. परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए. अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में स्लाइन व दवा उपलब्ध है. प्राथमिक उपचार करने में चिकित्सक सक्षम है. मरीज की पहचान होने पर इलाज शुरू की जायेगी.
बर्ड फ्लू के लक्षण
बुखार आना, हमेशा कफ रहना, नाक बहना, सिर में दर्द रहना, गले में सूजन, मांसपेशियों में दर्द, दस्त होना, हर वक्त उल्टी महसूस होना, पेट के निचले हिस्से में दर्द रहना, सांस लेने में समस्या, सांस ना आना, निमोनिया होने की शिकायत, आंख में कंजक्टिवाइटिस का होना.
