बोकारो : जरीडीह थाना पुलिस ने तेतरियाडीह निवासी रघुनंदन सिंह की हत्या में शामिल कुख्यात अपराधी कलेश्वर सिंह को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है. कलेश्वर सिंह जरीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम गायछंदा का रहने वाला है.
कलेश्वर के पास से पुलिस ने एक देसी लोडेड कट्टा व एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद एसपी कार्तिक एस ने शनिवार को कैंप दो स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को बताया : कलेश्वर सिंह एक कुख्यात अपराधी है. यह चास निवासी ठेकेदार रामसेवक सिंह के घर गत 26 सितंबर को हुई डकैती की घटना में भी शामिल था.
चास के ठेकेदार के घर डाल चुका है डाका : कलेश्वर ने ही ठेकेदार के गार्ड को अपने कब्जा में लेकर सबसे पहले घर में प्रवेश किया था. इसके बाद अपने साथियों की मदद से ठेकेदार के घर में डकैती की. तेतरियाडीह निवासी रघुनंदन सिंह की हत्या जमीन विवाद में की गयी थी. कलेश्वर ने पुलिस को बताया कि रघुनंदन का अपने रिश्तेदार से जमीन का विवाद चल रहा था. उक्त जमीन विवाद में समझौता करने के लिए कलेश्वर ने रघुनंदन पर दबाव बनाया था, लेकिन रघुनंदन समझौता को तैयार नहीं हुआ. इस कारण उसने 29 अक्टूबर की रात रघुनंदन की हत्या गोली मारकर कर दी.
रामगढ़ स्थित ज्वेलरी दुकान डकैती में भी था शामिल : एसपी ने यह भी बताया : रामगढ़ की एक ज्वेलरी दुकान में गत नौ नवंबर को डकैती हुई थी. उक्त कांड में भी कलेश्वर अपने गैंग के सदस्यों के साथ मुख्य भूमिका में शामिल था.
कलेश्वर के खिलाफ चास, जरीडीह, धनबाद व राज्य के अन्य जिला में भी डकैती व लूट के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. उक्त अपराधी की गिरफ्तारी में चास थानेदार सह इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय, जरीडीह थानेदार रूपेश कुमार दुबे, कसमार थानेदार रंजीत कुमार आदी शामिल थे.
