बोकारो : गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह शिव मंदिर के निकट एक आवास में छापेमारी कर दो किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया है.
मौके से तारकेश्वर पांडेय की पत्नी उमरावती देवी को गिरफ्तार किया गया. बीएस सिटी थाना परिसर में शनिवार की शाम सिटी डीएसपी ज्ञान रंजन ने बताया : बीएस सिटी थानेदार सह इंस्पेक्टर मदन मोहन प्रसाद सिन्हा को मोबाइल पर गुप्त सूचना मिली थी कि रितुडीह स्थित एक आवास में अवैध रूप से गांजा की बिक्री की जा रही है.
इसी सूचना के आधार पर एक पुलिस टीम का गठन कर रितुडीह स्थित तारकेश्वर पांडेय के आवास की घेराबंदी कर छापेमारी की गयी. आवास में केवल तारकेश्वर पांडेय की पत्नी उमरावती देवी थी. उमरावती के सामने पुलिस ने आवास की तलाशी ली. इस दौरान तीन अलग-अलग पैकेट में कुल दो किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया गया. तारकेश्वर पांडेय छतीसगढ़ के रायपुर में मजदूरी करता है. डीएसपी ने बताया कि बोकारो में अवैध तरीके से गांजा बेचने का एक संगठित गिरोह काम रहा है. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
छापेमारी दल में सिटी डीएसपी ज्ञान रंजन, बीएस सिटी थानेदार सह इंस्पेक्टर मदन मोहन प्रसाद सिन्हा, माराफारी थानेदार सह इंस्पेक्टर राजीव कुमार, माराफारी थाना के दारोगा शंकर तिग्गा, जमादार रजा इमाम, सिपाही सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह, महिला सिपाही चंद्रावती, माराफारी थाना के सिपाही राजू बाउरी व जितेंद्र कुमार गोराई शामिल थे.
