बोकारो : सही-सही बताओ… रसगुल्ला में कुछ मिलाया तो नहीं है… कुछ मिला तो इसे अपराध माना जायेगा… फूड सेफ्टी नियम के अनुसार सजा व जुर्माना भी होगा. बाद में किसी तरह की बहाने बाजी नहीं चलेगी. ऐसी पूछताछ सभी मिठाई व रेस्टोरेंट संचालकों से फूड सेफ्टी विश्लेषक चतुर्भुज मीणा रविवार को कर रहे थे.
रविवार को रांची से फूड सेंपलिंग सेफ्टी टीम बोकारो पहुंची. टीम ने सेक्टर चार सिटी सेंटर के कोजी स्वीट्स से निरीक्षण की शुरुआत की. टीम के साथ कार्यपालक दंडाधिकारी छवि बाला, फूड निरीक्षक डॉ अनिल कुमार, स्टेनो नगोंद्र कुमार सिंह, नाजीर संजय कुमार शामिल थे.
कोजी स्वीट्स का रसगुल्ला टीम ने लिया. जांच के लिए केमिकल डाला गया. तो रसगुल्ला का रंग बदल गया. श्री मीणा ने फटकार लगायी कि आरारोट मिलाया है, तो लोगों की जानकारी के लिए लिस्ट क्यों नहीं टांगी. दोबारा ऐसा नहीं होना चाहिए.
इसके बाद टीम बगल के ही रसोइया रेस्टोरेंट में गयी. किचन में रखी मिर्ची के तीन पैकेट उठाये. सभी की जांच की. मिर्ची में मिलावट मिलने पर संचालक संजीव कुमार को फटकार लगायी. साथ ही डॉ अनिल कुमार को अविलंब मिर्ची सप्लाई करने वाले संस्थान रिया गोल्ड, मां दुर्गा मसाला, कृष्णा कंपनी पर कार्रवाई करने की बात कही. रेस्टोरेंट लाइसेंस पर डॉ कुमार ने शंका जतायी. जांच की बात कही. संचालक ने लाइसेंस प्रज्ञा केंद्र से निर्गत करने की बात बतायी.
टीम सेक्टर चार के ही स्वीट वैली व मानसरोवर मिठाई दुकान पहुंची. दोनों जगहों पर रसगुल्ला की जांच की गयी. इसके बाद खोवा में मिलावटी का संदेह होने पर खोवा का सैंपल रांची लैब में जांच के लिए टीम ने लिया. शाही दरबार में प्रवेश करते ही श्री मीणा भड़क गये. गंदगी देख कर फटकार लगायी. शाही दरबार के किचन में गंदगी बिखरी पड़ी थी.
साथ ही खाने के सामान तल कर जहां तहां गंदगी के बीच ही रखा गया था. श्री मीणा ने कहा : लोगों को बीमार मत बनाओ. साथ ही डॉ अनिल से विशेष अभियान चलने की बात कही. सेक्टर चार के नटखट स्वीट्स में टीम को सब कुछ ऑल इज वेल मिला. टीम छह दुकानों में औचक निरीक्षण अभियान चला कर रांची लौट गयी.
