चास : जोधाडीह मोड़ से बाइपास रोड निकलने के लिए शॉर्ट कट लेने वाले भारी वाहनों के चालक सावधान. चास मेन रोड को जाम से निजात दिलाने के लिए चास नगर निगम की ओर से रविवार को जोधाडीह मोड़ में हाइट गेज लगाया गया है. गौरतलब हो कि प्रभात खबर के 14 अक्तूबर के अंक में प्रकाशित ‘थाना से धर्मशाला मोड़ तक लगता जाम, हो रही है परेशानी’ शीर्षक से छपी खबर के बाद यह कार्रवाई की गयी है.
नगर निगम की इस कार्रवाई से मेनरोड पुराना बाजार व महावीर चौक में खरीदारी करने आ रहे लोगों को काफी हद तक जाम से निजात मिलेगी. अब भारी वाहनों को जोधाडीह मोड़ से आइटीआइ मोड़ होते हुए धर्मशाला मोड़ स्थित बाइपास रोड जाना होगा.
महावीर चौक में बना अस्थायी पार्किंग स्थल
मेनरोड बाजार में खरीदारी करने आ रहे लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से रविवार से महावीर चौक में अस्थायी पार्किंग स्थल भी बनाया गया है. अब लोग इस अस्थायी पार्किंग पर वाहन खड़ा कर बाजार में खरीदारी करने जा सकते हैं. यहां ट्रैफिक पुलिस की ओर से जवान की भी तैनाती की गयी है.
गौरतलब हो कि पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण लोग वाहन सड़क पर ही खड़ा कर देते थे. इससे जाम लग जाता था. ट्रैफिक डीएसपी प्रकाश ज्योति मिंज ने बताया कि बाजारों और पूजा पंडालों में भीड़ को देखते हुए कई जगह अस्थायी पार्किंग स्थल बनाया गया है. पूजा समितियों को भी निर्देश दिया गया है कि वह पंडाल के आसपास पार्किंग स्थल जरूर बनाएं.
