बोकारो : सियालजोरी थाना क्षेत्र के सरजुडीह निवासी राज किशोर शर्मा की शिकायतवाद पर स्थानीय सेक्टर 12 थाना में रविवार को ठगी का मामला दर्ज किया गया है.
मामले में बारी को-ऑपरेटिव के आवास संख्या 503 निवासी रेलवे ठेकेदार सर्वनारायण पांडेय व संजय कुमार पांडेय को अभियुक्त बनाया गया है. श्री शर्मा के अनुसार, वह भी रेलवे में ठेकेदारी करते हैं. इस कारण अभियुक्तों से उनकी जान-पहचान थी. श्री शर्मा का पुत्र सागर कुमार बेरोजगार था. अभियुक्तों ने सूचक को झांसा दिया की रेलवे में उनकी बड़े अधिकारियों तक अच्छी पहुंच है.
वह उनके पुत्र को रेलवे में नौकरी लगा सकते हैं. पुत्र को नौकरी लगाने का झांसा देकर अभियुक्तों ने 7.50 लाख रुपया ले लिया. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो सूचक ने अपना रुपया वापस मांगा. अभियुक्तों ने रुपया वापस करने से इन्कार कर दिया.
