बोकारो : झारखंड संघर्ष व अनगिनत बलिदान से मिला है, लेकिन भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आज आम लोगों को परेशानी हो रही है. प्रदेश की बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था व रघुवर सरकार की हर मोर्चे पर विफलता के कारण सभी वर्ग के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
इसी कारण गोमिया उप चुनाव में भाजपा चारों खाने चित हो गयी. पूर्व उप मुख्यमंत्री व आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने सीएम को स्थानीयता के मामले में पत्र लिख कर स्थानीय के लिए हितकारी नीति बनाने की अपील की है. यदि सुदेश महतो के पत्र को सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया, तो सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. उक्त बातें झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री उमाकांत रजक ने बुधवार को ‘प्रभात खबर’ से कही.
श्री रजक ने कहा झारखंड का निर्माण झारखंडियों के लिए हुआ है, लेकिन आज झारखंड की जनता अपने घर में ही न्याय के लिए संघर्ष कर रही है. भाजपा सरकार झारखंड को लूटने की पूरी योजना बना कर सत्ता पर काबिज हुई है. इस मंशा को राज्य की जनता पूरी तरह समझ चुकी है. स्थानीय नीति व नियोजन नीति गलत बनी है.
मूल वासियों को नौकरी व रोजगार से बेदखल करने के लिए 1932 के खतियान को आधार नहीं बना कर 1985 के आधार पर स्थानीय नीति बना दी. इससे भाजपा सरकार की झारखंंडियों को लूटने की मंशा स्पष्ट होती है.
