बोकारो : एसबीआइ एडीएम बिल्डिंग शाखा के 72 लॉकरों को काट कर 11 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह के सरगना हसन चिकना को बोकारो पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने साढ़े पांच किलो सोना के जेवरात (कीमत करीब दो करोड़ रुपये) और 33.64 लाख रुपये नकद बरामद किया है.
बोकारो एसबीआइ लॉकर कांड का सरगना हसन चिकना ढाई करोड़ के चोरी के माल के साथ गिरफ्तार
बोकारो : एसबीआइ एडीएम बिल्डिंग शाखा के 72 लॉकरों को काट कर 11 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह के सरगना हसन चिकना को बोकारो पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने साढ़े पांच किलो सोना के जेवरात (कीमत करीब दो करोड़ रुपये) […]

हसन चिकना के मुंबई में छुपे होने की गुप्त सूचना बोकारो एसपी कार्तिक एस को मिली थी. एसपी ने मुंबई पुलिस के वरीय अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर उसे गिरफ्तार करने में सहयोग मांगा. इसके बाद मुंबई और बोकारो पुलिस ने नवी मुंबई इलाके के नेरूल स्थित सेक्टर 20 में छापामारी कर हसन चिकना को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. बोकारो पुलिस हसन चिकना को लेकर ट्रेन से बोकारो लौट रही है.
बोकारो पुलिस ने एसबीआइ के लॉकरों से चोरी किये गये लगभग सभी जेवरात बरामद कर लिये है. हसन चिकना लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था. पुलिस भी उसके पीछे पड़ी हुई थी. वह दो माह से मुंबई में छिप कर रहा था. एसपी ने उसके लोकेशन का पता कर उसे गिरफ्तार कर लिया. बोकारो पुलिस के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है.
पढ़ें पेज 05 भी
13 लोगों की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
मालूूम हो कि 25-26 दिसंबर 2017 की रात को बैंक के 72 लॉकरों को काट कर करोड़ों की चोरी की गयी थी. बोकारो एसपी कार्तिक एस ने इस मामले को चैलेंज के रूप में लिया. एसआइटी का गठन किया. जानकारी मिली कि साहिबगंज जिला का रहने वाला हसन चिकना के गैंग ने इस घटना को अंजाम दिया है. एसआइटी इस मामले में पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मालदा व झारखंड के साहिबगंज में छापामारी कर 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है.
पहले भी जेवरात हुए हैं बरामद
पुलिस इस मामले में गिरफ्तार हसन चिकना की पत्नी फिरदौसी बीबी, साला राजा समेत समेत अन्य लोगों के पास से साढ़े तीन किलो सोना, छह किलो चांदी और एक लाख 67 हजार रुपये नकद भी बरामद कर चुकी है. बरामद जेवरात ग्राहकों को लौटाने के लिए पुलिस दो बार पहचान परेड भी करा चुकी है.
हसन चिकना के हैं कई नाम : शटर कटर गिरोह के सरगना हसन चिकना का तीन नाम है. वह हसन शेख उर्फ चिकना उर्फ मलिक रजा उर्फ सलीम शेख के नाम से जाना जाता है. वह मूल रूप से सतगच्छी मधोपारा, बरहरवा, साहेबगंज का रहने वाला है.