कहलगांव : एनटीपीसी थाना अंतर्गत आलमपुर गांव की नाबालिग लड़की को 20 हजार रुपये में मोतिहारी में बेचने के आरोप में पुलिस ने फरार महिला नीलम देवी को उसके घर आलमपुर से ही सोमवार को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मोतिहारी निवासी सत्तन राय से उक्त लड़की को सकुशल मुक्त करा परिजनों को सौंप दिया. वहीं सत्तन राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
कहलगांव के एसडीपीओ दिलनवाज अहमद ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि लड़की को बेचने के मामले में आलमपुर की नीलम देवी व घोघा की चमेली देवी आरोपित हैं. नीलम देवी के खिलाफ अनैतिक मानव व्यापार (ह्यूमन ट्रैफिंग) व पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जायेगा. चमेली देवी पूर्व के किसी मामले में एक साल से जेल मे बंद है.
सहेली को फोन कर दी जानकारी
एनटीपीसी थाने के थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि 26 अप्रैल को अपहृत लड़की ने अपनी सहेली को फोन पर बताया कि मुझे मोतिहारी में सत्तन राय के पास उसी गांव की नीलम देवी व घोघा की चमेली देवी ने 20 हजार रुपये में बेच दिया है. लड़की के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. एनटीपीसी के थानाध्यक्ष ने मामले के अनुसंधानकर्ता समीर कुमार डे को मामले की जांच के लिए मोतिहारी भेजा. वहां मोतिहारी पुलिस के सहयोग से सत्तन राय के घर छापेमारी कर लड़की को बरामद लिया गया. आरोपित सत्तन राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बरामद की गयी लड़की का 164 के तहत बयान दर्ज कराया और उसका मेडिकल टेस्ट करा परिजनों को सौंप दिया. गिरफ्तार नीलम देवी को जेल भेज दिया गया है.
स्कूल से लौटने के दौरान कर लिया था अगवा
थाना क्षेत्र के आलमपुर स्थित मवि में छुट्टी के बाद छात्रा (15) घर लौट रही थी. उसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था. घटना अप्रैल 2017 की है. इस बाबत छात्रा के परिजन ब्रह्मदेव दास ने अपहरण को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
