बोकारो : दुंदीबाद बाजार के पुराना भट्ठी के निकट झोंपड़ी निवासी धर्मेंद्र कुमार (31 वर्ष) की हत्या उसके ममेरे भाई राजू कुमार ने तलवार से गला काट कर कर दी. हत्या करने के बाद राजू तलवार लेकर फरार हो गया. घटना रविवार शाम करीब सात बजे की है. धर्मेंद्र और राजू दोनों ठेका मजदूर हैं. धर्मेंद्र शादीशुदा है. उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं.
मृतक की पत्नी गीता देवी ने बताया कि धर्मेंद्र गुजरात में मजदूर का काम करता था. 15 दिन पहले वह गुजरात से बोकारो आया था. बोकारो में वह काम की तलाश कर रहा था.
जानकारी के अनुसार दुंदीबाद निवासी ठेकेदार गुड्डू सिंह से धर्मेंद्र ने काम को लेकर बात की थी. रविवार की शाम को धर्मेंद्र कुछ दूर स्थित ठेकेदार के घर गया. वहां पहले से राजू बैठा हुआ था. घर में ठेकेदार गुड्डू सिंह नहीं था. धर्मेंद्र और राजू में कुछ देर तक बातचीत हुई. इसके बाद अचानक राजू ने गाली-गलौज और हल्ला करते हुए ठेकेदार के घर में रखी तलवार निकाल ली और धर्मेंद्र पर हमला कर दिया. शोर सुन कर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी, लेकिन किसी ने धर्मेंद्र को बचाने का प्रयास नहीं किया. लोगों के सामने ही राजू ने धर्मेंद्र को जमीन पर पटक कर तलवार से गला रेत दिया. हाथ, पेट और कई जगह भी तलवार से वार किया. आसपास के लोगों ने इसकी सूचना धर्मेंद्र की पत्नी को दी.
धर्मेंद्र की पत्नी मौके पर पहुंची तो राजू लहूलुहान तलवार लेकर लोगों को हड़काते हुए दौड़ कर भाग गया. घटनास्थल पर पहुंचे बीएस सिटी थानेदार मदन मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि हत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है. दोनों के बीच कामकाज के विवाद को लेकर ही मनमुटाव चल रहा था.
सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जायेगी. शव को फिलहाल बीजीएच के मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है.
